रीवा में IG गौरव राजपूत की भ्रष्ट पुलिसकर्मियों को खुली चेतावनी- “सुधर जाओ वरना लज्जा झेलने को तैयार रहो”

IG Gaurav Rajput's open warning to corrupt policemen in Rewa

IG Gaurav Rajput’s open warning to corrupt policemen in Rewa: रीवा। नशीली सिरप के अवैध कारोबार के खिलाफ रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक (IG) गौरव राजपूत ने ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ की शुरुआत करते हुए पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। सोमवार को कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में हुई बैठक में आईजी ने नशे के कारोबार में कथित रूप से संलिप्त पुलिसकर्मियों और थाना प्रभारियों को कड़े शब्दों में फटकार लगाई। आईजी राजपूत ने चेतावनी दी कि उनके पास “तालाब को गंदा करने वाली मछलियों” यानी भ्रष्ट पुलिसकर्मियों की एक गोपनीय सूची तैयार है। उन्होंने कहा, “अगर यह सूची सार्वजनिक हुई, तो आपको ही नहीं, आपके परिवारों को भी शर्मिंदगी झेलनी पड़ेगी।”

इसे भी पढ़ें : Sidhi News : ड्यूटी के दौरान अमर्यादित व्यवहार, महिला आरक्षक निलंबित

थाना प्रभारियों को 15 दिन की मोहलत दी

आईजी ने थाना प्रभारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा, “हर गली-मोहल्ले में कोरेक्स की शीशियां बिखरी पड़ी हैं, और थाना प्रभारियों को इसकी खबर नहीं होना असंभव है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि अब तक हुई लापरवाही या संलिप्तता अब बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र को नशा मुक्त करने की 15 दिन की मोहलत दी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि इस अवधि में सुधार न होने पर ऐसे पुलिसकर्मी अपने बुरे अंजाम के लिए खुद जिम्मेदार होंगे।

पंजाब DGP का दिया उदाहरण

आईजी ने पंजाब के पूर्व डीजीपी की आत्मकथा का जिक्र किया, जिसमें उनके बेटे के भी नशे की चपेट में आने का उल्लेख है। उन्होंने कहा कि जब पुलिस प्रमुख का परिवार सुरक्षित नहीं है, तो समाज की स्थिति कितनी भयावह है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा, “अगर हम अपना कर्तव्य नहीं निभाएंगे, तो समाज हमें लज्जा की नजर से देखेगा।”

‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ में संपत्ति भी होगी जब्त

आईजी ने बताया कि रीवा, जो नशीली सिरप के अवैध कारोबार का गढ़ बन चुका है और जिसकी चर्चा भोपाल से दिल्ली तक हो रही है, उसे मुक्त कराना ही ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में नशा माफियाओं, तस्करों और उन्हें संरक्षण देने वालों पर जेल भेजने के साथ-साथ उनकी संपत्ति जब्ती की कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *