आईसीएसई (ICSE) और आईएससी (ISC) बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित होते ही डी पॉल स्कूल में जश्न का माहौल छा गया। जिले के एकमात्र आईसीएसई संस्थान ने 100% परीक्षा परिणाम देकर अपनी उत्कृष्टता सिद्ध की है। अनामिका और हुमाम आफताब ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और अभिभावकों का नाम रोशन किया है।
सोमवार सुबह 11 बजे परिणाम जारी होते ही छात्रों के चेहरे खिल उठे। डी पॉल स्कूल के प्रधानाचार्य अजिन पॉल ने गर्व के साथ बताया कि इस वर्ष 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा। विद्यार्थियों ने न केवल सफलता प्राप्त की, बल्कि अंकों का नया रिकॉर्ड भी स्थापित किया है।
12वीं (ISC) की छात्रा अनामिका ने 98.25% अंक प्राप्त कर न केवल जिले में, बल्कि मंडल स्तर पर भी प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं, 10वीं (ICSE) की परीक्षा में हुमाम आफताब ने जिले में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर अपनी सफलता का परचम लहराया।
प्रधानाचार्य ने बच्चों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह छात्रों की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। स्कूल परिसर में मिठाई बांटकर और ढोल-नगाड़ों के साथ इस शानदार जीत का उत्सव मनाया गया। सभी सफल छात्र अपने भविष्य के प्रति उत्साहित नजर आए।

