Site iconSite icon SHABD SANCHI

एमपी के मैहर में पति का खौफनाक कदम, धारदार हथियार से पत्नी की निर्मम हत्या

मैहर। मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के मिरगौती गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। मृतका की पहचान काजल साकेत पति राजेन्द्र साकेत निवासी रामनगर थाना क्षेत्र के मिरगौती गांव के रूप में हुई है। हत्या के पीछे पति के द्वारा पत्नी पर चरित्र संदेह जताया जा रहा है, जबकि मृतिका की मां दहेज प्रताड़ना का आरोप लगा रही है, बहरहाल सूचना मिलते ही पहुची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चरित्र शंका को लेकर हुआ था विवाद

जानकारी के तहत काजल का विवाह 18 अप्रैल 2025 को मिरगौती निवासी राजेंद्र साकेत के साथ हुआ था। राजेंद्र हैदराबाद में नौकरी करता है और घटना वाले दिन यानी शनिवार को ही गांव वापस लौटा था। उसी दिन काजल भी अपने मायके से ससुराल पहुंची थी। पति राजेंद्र का आरोप है कि उसकी पत्नी किसी अन्य युवक से फोन पर बातचीत करती थी, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर मनमुटाव रहता था। इसी बात को लेकर शनिवार की रात को दोनों के बीच विवाद हो गया।

मायके वालों ने दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप

मृतका की मां अनूपा साकेत और पिता जितेंद्र साकेत ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि शादी के बाद से ही लगातार दहेज में पैसों और कार की मांग की जा रही थी। पिता का यह भी आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी पति ने फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया था, बहरहाल रामनगर थाना टीआई घटना के आधार पर तथा आरोप-प्रत्यारोप समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रहे है। रिपोर्ट सामने आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई करने की बात पुलिस कर रही है।

Exit mobile version