रीवा/सतना। सतना जिले से रीवा आ रहे एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अपनी बीमार पत्नी का उपचार कराने के लिए घर से निकले पति की रास्ते में ही अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। जिस पत्नी का इलाज कराने पति घर से आस जगाकर निकला था, उसकी आंखों के सामने ही पति ने दम तोड़ दिया। इस असामयिक घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रास्ते में उठा सीने में दर्द, हाथ-पैर हुए सुन्न
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के ग्राम खुकड़ा निवासी पुष्पेंद्र सिंह अपनी बीमार पत्नी सीमा सिंह का इलाज कराने के लिए रीवा आ रहे थे। दोनों सुबह घर से संजय गांधी चिकित्सालय के लिए निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, जैसे ही वे रीवा के चोरहटा के समीप पहुंचे, अचानक पुष्पेंद्र सिंह के सीने में असहनीय दर्द उठा। दर्द इतना तेज था कि देखते ही देखते उनके हाथ-पैर सुन्न पड़ गए और वे बेसुध हो गए।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
पति की बिगड़ती हालत को देख बीमार पत्नी सीमा सिंह घबरा गईं। उन्होंने हिम्मत जुटाई और आनन-फानन में किसी तरह पति को लेकर संजय गांधी अस्पताल पहुंचीं। अस्पताल के द्वार पर पहुंचते ही डॉक्टरों ने तुरंत पुष्पेंद्र का परीक्षण किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिस उम्मीद के साथ पत्नी अस्पताल पहुंची थी, वहां कदम रखते ही उसकी दुनिया उजड़ गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी वजह
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई और मृतक के अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों द्वारा प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण दिल का दौरा बताया जा रहा है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि न होने के कारण शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

