Site iconSite icon SHABD SANCHI

मऊगंज: अवैध संबंधों के विवाद में पति ने पत्नी को बेरहमी से पीटा, कमरे में बंद कर भागा, बच्चों की सूचना पर पहुंची पुलिस

Husband brutally beats wife over dispute regarding illicit relations in Mauganj.Husband brutally beats wife over dispute regarding illicit relations in Mauganj.

Husband brutally beats wife over dispute regarding illicit relations in Mauganj.

मऊगंज। जिले के हरई मुड़हान गांव से घरेलू हिंसा की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। चरित्र संदेह और अवैध संबंधों के विवाद में एक सनकी पति ने अपनी 35 वर्षीया पत्नी सावित्री केवट के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद आरोपी ने गंभीर रूप से घायल और बेहोश पत्नी को कमरे के अंदर बंद कर दिया और मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा।

रातभर घर के बाहर डरे-सहमे बैठे चार मासूम बच्चों ने हिम्मत दिखाते हुए रविवार सुबह पड़ोसी के मोबाइल फोन से अपने मामा को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही जब महिला के मायके वाले हरई मुड़हान गांव पहुंचे, तो आरोपी पति ने उनके साथ भी अभद्रता की और कमरे का दरवाजा खोलने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद परिजनों ने तत्काल डायल-112 पुलिस को मामले की सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर महिला अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी। पुलिस और परिजनों ने आनन-फानन में सावित्री को मऊगंज के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पीड़िता के चचेरे भाई राम बहोर केवट के अनुसार, आरोपी पति के किसी अन्य महिला से अवैध संबंध हैं, जिसको लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। पीड़िता खुद मजदूरी कर अपने चार बच्चों का पालन-पोषण और पढ़ाई का खर्च उठा रही थी। रविवार दोपहर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला का मेडिकल परीक्षण कराया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version