रीवा-सीधी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, एक की मौत, चार घायल, स्कॉर्पियो चालक फरार, वाहन में मिले डंडे-चाकू

Horrific road accident on Rewa-Sidhi road

Horrific road accident on Rewa-Sidhi road: रीवा-सीधी मार्ग पर गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गेरुई के समीप आज दोपहर करीब 12:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दो बच्चे भी शामिल हैं। पेट्रोल पंप के पास भीड़-भाड़ वाले इलाके में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और एक ऑटो के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पूरी तरह पलट गई।

ऑटो में कुल पांच लोग सवार थे।मृतक की पहचान गणेश पांडेय निवासी गेरुई के रूप में हुई है। घायलों में भोला रावत, सागर विश्वकर्मा, शिवम जायसवाल और एक महिला शामिल हैं। सभी को तत्काल SGMH रीवा में भर्ती कराया गया, जहां तीन घायलों का इलाज जारी है। एक घायल महिला को परिजनों ने निजी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ऑटो रीवा से गुढ़ की ओर जा रही थी, जबकि स्कॉर्पियो सीधी से रीवा की दिशा में आ रही थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, टक्कर के तुरंत बाद स्कॉर्पियो का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्कॉर्पियो की तलाशी ली, जिसमें वाहन से डंडे और चाकू बरामद हुए हैं। इस संबंध में अलग से जांच चल रही है, जिससे हादसे के पीछे अन्य कारणों की आशंका भी जताई जा रही है।हादसे के कारण रीवा-सीधी मार्ग पर काफी देर तक जाम लगा रहा। पुलिस ने वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *