रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा शहर स्थित सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भवानी नगर में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक रिहायशी मकान से अचानक आग की भीषण लपटें उठने लगीं। घटना की वजह चरित्र संदेह को लेकर पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद बताई जा रही है। पीड़िता ने अपने ही पति पर बंधक बनाकर जिंदा जलाने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता सुमन के अनुसार, शादी के दो साल बाद से ही उसका पति लगातार उसके साथ मारपीट करता आ रहा था, जिसकी शिकायत वह पूर्व में भी पुलिस थाने में दर्ज करा चुकी है। पीड़िता ने बताया कि गुरुवार सुबह पति अचानक घर में घुसा और बेवजह मारपीट करते हुए उसे एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपी ने पूरे घर में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
कमरे में कैद और आग की लपटों से घिरी पीड़िता ने बेहद बहादुरी दिखाते हुए फोन के जरिए अपने भाइयों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़कर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे उसकी जान बच सकी।
दूसरी ओर, आरोपी पति ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए अलग कहानी बताई है। पति का दावा है कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर बात करती थी और जब उसने इसका विरोध करते हुए उसे रंगे हाथों पकड़ा, तो पत्नी उल्टा उससे झगड़ने और मारपीट करने पर उतारू हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दमकल और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया और मामले की गंभीरता को देखते हुए पति और पत्नी दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले आई है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

