रीवा। रीवा पुलिस ने पूरे उत्साह के साथ रंगोत्सव का पर्व मनाया है। पुलिस लाइन में गुरूवार की सुबह से आयोजित इस होली मिलन कार्यक्रम में रेंज के आईजी गौरव राजपूत समेत जिले के आला अधिकारियों के साथ ही रीवा के पुलिस आरक्षक रंगों की मस्ती में सराबोर रहे तो वही एक-दूसरे को बधाई दिए। अधिकारियों को अपने बीच पाकर जवानों का उत्साह दोगुना हो गया। इस अवसर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक सहित थाना प्रभारी मौजूद रहे और जवानों के साथ मिलकर फूल और गुलाल की होली खेली।

गीत-संगीत का भी चला दौर
पुलिस लाइन में आयोजित पुलिस होली मिलन कार्यक्रम के दौरान रीवा रेंज के आईजी श्री राजपूत ने जब कोई बात बिगड़ जाए जब कोई मुश्किल पढ़ जाए गीत गाकर समा बाधी तो वही ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी के साथ जवानों ने फाग गीतों और होली के गानों पर जमकर डांस किया।
तनाव मुक्ति का अवसर
पुलिस अधिकारियों ने इस अवसर पर कहा कि पुलिसकर्मी साल भर तनावपूर्ण परिस्थितियों में काम करते हैं। ऐसे आयोजन न केवल मनोरंजन करते हैं, बल्कि टीम भावना और आपसी विश्वास को भी मजबूत बनाते हैं। इस दौरान पूरा पुलिस लाइन परिसर रंग और गुलालों से सराबोर रहा। ज्ञात हो कि होली पर्व के दिन पुलिस कर्मियों की डूयुटी शांति व्यवस्था कायम करने के लिए लगाई जाती है और वे पूरे समय तक डूयुटी में तैनात रहते है, तो वही होली के दूसरे दिन पुलिस की अपनी होली होती है। जिसमें पूरा अमला इस उत्सव में शामिल होकर होली का पर्व मनाता है।
