रीवा में रिहायशी इलाके में टैंक पत्थर तोड़ने के लिए भारी ब्लास्ट, चार घरों की दीवारें चटकीं, एक मकान ढहा, महिला घायल

Heavy blast to break tank stones in residential area in Rewa

Heavy blast to break tank stones in residential area in Rewa: रीवा के विश्वविद्यालय क्षेत्र अंतर्गत अंबेडकर नगर के रिहायशी मोहल्ले में सोमवार को एक निर्माणाधीन टैंक के अंदर फंसे बड़े पत्थर को तोड़ने के लिए किया गया जोरदार ब्लास्ट पूरे इलाके में दहशत फैला गया। टैंक मालिक विष्णुकांत तिवारी द्वारा कराए गए इस विस्फोट से इतनी तेज कंपन हुई कि आसपास के चार घरों की दीवारों में गहरी दरारें पड़ गईं, जबकि एक मकान की पूरी दीवार भरभराकर ढह गई। हादसे में एक महिला घायल हो गई, जिसे तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ब्लास्ट इतना भीषण था कि जमीन हिल उठी, घरों से प्लास्टर झड़ने लगा और लोग घबराहट में घरों से बाहर निकल आए। बच्चे और महिलाएं डर से रोने लगे। पीड़ित महेंद्र दाहिया और अर्जुन सेन ने बताया कि उनके घरों में गहरी दरारें आ गई हैं, एक मकान की दीवार पूरी तरह गिर गई और अंदर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा कि यदि विस्फोट और अधिक शक्तिशाली होता तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था।

स्थानीय निवासियों ने रिहायशी क्षेत्र में बिना किसी पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, पूर्व सूचना या अनुमति के इतने बड़े पैमाने पर विस्फोटक का इस्तेमाल करने पर कड़ी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि पत्थर को निकालने के अन्य सुरक्षित तरीकों के बजाय बारूद का सहारा लेना लापरवाही की पराकाष्ठा है।

एडिशनल एसपी आरती सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले में वैधानिक कार्यवाही की जा रही है तथा पूरे घटनाक्रम की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या ब्लास्टिंग के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी और सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।यह घटना आवासीय इलाकों में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *