Site iconSite icon SHABD SANCHI

Rewa News : गीतांजलि स्कूल में स्वास्थ्य शिविर, दंत रोगों के प्रति जागरूकता और सर्वाइकल कैंसर से बचाव का संदेश

Health camp at Geetanjali Public School on World Health DayHealth camp at Geetanjali Public School on World Health Day

Health camp at Geetanjali Public School on World Health Day

रीवा। ‘विश्व स्वास्थ्य दिवस’ के अवसर पर मंगलवार, 7 अप्रैल को शहर के प्रतिष्ठित गीतांजलि पब्लिक स्कूल में एक वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य एवं दंत चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों को शारीरिक स्वच्छता, विशेषकर दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और किशोरियों को गंभीर बीमारियों के प्रति सतर्क करना था।

दंत विशेषज्ञों ने जाँचे बच्चों के दाँत

शिविर का संचालन शहर के सुप्रसिद्ध दंत विशेषज्ञ डॉ. अमित तिवारी, डॉ. रिचा तिवारी और डॉ. विपिन द्वारा किया गया। चिकित्सकों की टीम ने विद्यालय के सैकड़ों छात्रों के दांतों का बारीकी से परीक्षण किया। जाँच के दौरान डॉक्टरों ने बच्चों को समझाया कि खान-पान की गलत आदतों के कारण कम उम्र में ही दांतों में सड़न और पायरिया जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने बच्चों को ब्रश करने की सही तकनीक सिखाई और साल में कम से कम दो बार दंत परीक्षण कराने की सलाह दी।

सर्वाइकल कैंसर के प्रति किशोरियों को किया जागरूक

दंत परीक्षण के साथ-साथ विद्यालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के डॉ. सुनील अवस्थी ने छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किया। उन्होंने HPV (ह्यूमन पैपिलोना वायरस) और उससे होने वाले सर्वाइकल कैंसर के खतरों पर विस्तार से चर्चा की।

डॉ. अवस्थी ने बताया, “भारत में हर साल हजारों महिलाएं इस कैंसर के कारण असामयिक मृत्यु का शिकार होती हैं। इससे बचाव का सबसे प्रभावी तरीका टीकाकरण है।”

भ्रांतियों को दूर करने की अपील

डॉ. अवस्थी ने जानकारी दी कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा 14 से 15 वर्ष की किशोरी बालिकाओं के लिए यह टीका पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियों को खारिज करते हुए कहा कि प्रदेश में अब तक लगभग 3 लाख महिलाओं को यह वैक्सीन लगाई जा चुकी है और कहीं से भी किसी दुष्प्रभाव की शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने अभिभावकों और छात्राओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के भ्रम में न आएं और इस जानलेवा बीमारी को जड़ से मिटाने में सहयोग दें।

Exit mobile version