Gwalior Threat Case: ग्वालियर के गिरवाई क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती को उसके पड़ोसी समीर खान द्वारा हत्या और एसिड अटैक की धमकी देने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवती पर दो साल पुराने छेड़छाड़ के मामले में दबाव बना रहा था और उसे लगातार डराने-धमकाने की कोशिश कर रहा था।
Gwalior Threat Case: ग्वालियर के गिरवाई क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवती को उसके पड़ोस में रहने वाले युवक ने हत्या और एसिड अटैक की धमकी दे दी। युवती की शिकायत पर गिरवाई पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 3 मार्च की सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। उस समय युवती सिकंदर कंपू स्थित अपने घर के आंगन में बर्तन धो रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला समीर खान वहां पहुंचा और उसे धमकाने लगा।
समझौता न करने पर दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता के अनुसार आरोपी उस पर कोर्ट में चल रहे मामले में समझौता करने या बयान बदलने का दबाव बना रहा था। आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि अगर उसने राजीनामा नहीं किया तो वह उसकी शादी में हंगामा करेगा। इतना ही नहीं, आरोपी ने यह भी कहा कि जैसे बिहार के बक्सर में स्टेज पर दुल्हन को गोली मारी गई थी, उसी तरह वह भी दूल्हे के सामने उसे गोली मार देगा। आरोपी ने युवती पर एसिड फेंककर चेहरा बिगाड़ने की धमकी भी दी।
11 मार्च को होने वाली है युवती की शादी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 11 मार्च को तय है। आरोपी इसी बात को लेकर लगातार उसे डराने और धमकाने की कोशिश कर रहा था। वह बार-बार शादी में हंगामा करने और जान से मारने की धमकी दे रहा था, जिससे युवती और उसका परिवार काफी डरे हुए थे।
दो साल पुराना छेड़छाड़ का मामला
युवती के मुताबिक समीर खान अपने परिवार के साथ उसके घर के पास ही रहता है। करीब दो साल पहले उसने घर के बाहर युवती से छेड़छाड़ की थी। विरोध करने पर उसने मारपीट भी की थी। इस घटना की शिकायत गिरवाई थाने में दर्ज कराई गई थी और मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। पीड़िता का आरोप है कि तभी से आरोपी उसका पीछा करता है और मामले में समझौता करने के लिए दबाव बनाता रहता है।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
धमकी मिलने के बाद युवती अपने परिजनों के साथ गिरवाई थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी समीर खान को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
