भिंड। कभी दस्यु समस्या के कारण चर्चा में रहने वाला चंबल अब उद्योग और निवेश के लिए भी पहचान बना रहा है। भिंड के मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार को गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड की चौथी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट शुरू हुई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इसका उद्घाटन किया। कंपनी ने नई यूनिट में 450 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश किया है।
35 साल पुराना जुड़ाव
नई यूनिट शुरू होने के बाद मालनपुर में गोडरेज का कुल निवेश करीब 850 करोड़ रुपए हो गया है। कंपनी का मालनपुर से करीब 35 साल पुराना जुड़ाव है। यहां पहली साबुन निर्माण यूनिट 1991 में शुरू हुई थी। वर्तमान मैन्युफैक्चरिंग कॉम्प्लेक्स करीब 65 एकड़ में फैला है।
हर मिनट बनेंगे 4 हजार साबुन
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि नई यूनिट के साथ मालनपुर में एशिया की बड़ी साबुन निर्माण सुविधाओं में से एक विकसित हुई है। यहां प्रति मिनट करीब 4,000 साबुन बनाने की क्षमता है। पूरे मैन्युफैक्चरिंग कॉम्प्लेक्स की कुल उत्पादन क्षमता अब सालाना 2 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा हो गई है। नई सुविधा में साबुन के अलावा हेयर कलर, घरेलू कीटनाशक, एयर फ्रेशनर और अन्य पर्सनल एवं होम केयर उत्पाद बनाए जाएंगे।
‘देश में मच्छर कहीं भी हो, गुडनाइट मालनपुर से जाएगा’
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मालनपुर में बनने वाले उत्पादों की देश भर में पहुंच का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश में मच्छर कहीं भी हो, लेकिन ‘गुडनाइट मालनपुर से जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निवेश मध्य प्रदेश में ‘मेड इन एमपी’ की बढ़ती ताकत का उदाहरण है। सरकार केवल निवेश के लिए एमओयू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारने पर भी जोर दिया जा रहा है।
नई यूनिट से 600 से ज्यादा प्रत्यक्ष रोजगार
नई यूनिट से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। सरकारी जानकारी के अनुसार, परियोजना से 2,250 से ज्यादा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनने का अनुमान है। वहीं, नई यूनिट शुरू होने से 600 से ज्यादा प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कंपनी से स्थानीय युवाओं के लिए कौशल विकास कार्यक्रम शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मालनपुर में बढ़ रही औद्योगिक गतिविधियों का लाभ भिंड और आसपास के युवाओं को मिलना चाहिए। उन्होंने महिलाओं के लिए सुरक्षित कार्यस्थल, आवास, नाइट शिफ्ट और नेतृत्व विकास के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया।
मलेरिया मुक्त मध्य प्रदेश के लक्ष्य में सहयोग
गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की एग्जीक्यूटिव चेयरपर्सन निसाबा गोदरेज ने कहा कि कंपनी मलेरिया और अन्य मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए मध्य प्रदेश सरकार के साथ काम करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि कंपनी प्रदेश को 2030 तक मलेरिया मुक्त बनाने के लक्ष्य में सहयोग करना चाहती है।

