Twisha Sharma Case: मॉडल और अभिनेत्री त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी सास और सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आज सुबह से उनसे लगातार लंबी पूछताछ चल रही थी, जिसके बाद गिरफ्तारी की गई। बता दें कि महज एक दिन पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
Twisha Sharma Case: राजधानी भोपाल के हाईप्रोफाइल (High Profile) त्विषा शर्मा मामले में सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को CBI ने गिरफ्तार कर लिया है। लगातार सात घंटे की पूछताछ के बाद गुरुवार को यह कार्रवाई हुई। मंगलवार और बुधवार को CBI की टीम ने गिरिबाला सिंह से कई घंटे तक पूछताछ की थी, जिसके बाद गिरफ्तारी की तैयारी शुरू कर दी गई। गुरुवार सुबह नई दिल्ली से CBI की महिला पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की टीम भोपाल पहुंची, जिसके बाद पूरे ऑपरेशन की रूपरेखा तैयार की गई।
हाईकोर्ट के फैसले के बाद हुई गिरफ्तारी
यह कार्रवाई मध्य प्रदेश हाईकोर्ट (Madhya Pradesh High Court) द्वारा बुधवार को गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) रद्द करने के एक दिन बाद हुई है। याद रहे कि त्विषा शर्मा की 12 मई को भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उनकी शादी 9 दिसंबर 2025 को समर्थ सिंह से हुई थी। घटना के महज दो दिन बाद गिरिबाला सिंह ने भोपाल जिला अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे 15 मई को मंजूर कर लिया गया था। हाईकोर्ट ने 17 पन्नों के विस्तृत आदेश में निचली अदालत के फैसले को निरस्त करते हुए सख्त टिप्पणियां की थीं।
CBI की टीम ने घर पर की छापेमारी
गुरुवार सुबह करीब 10 बजे CBI की विशेष टीम (Special CBI Team) महिला अधिकारियों के साथ बागमुगालिया एक्सटेंशन स्थित गिरिबाला सिंह के आवास पर पहुंची। टीम के साथ मुख्य आरोपी समर्थ सिंह को भी ले जाया गया। दोनों को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की गई। इसके बाद समर्थ सिंह को अलग स्थान पर ले जाया गया। CBI सूत्रों के मुताबिक सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चली पूछताछ के बाद गिरफ्तारी की पटकथा तैयार कर ली गई।
भारी पुलिस बल तैनात
CBI ने भोपाल पुलिस आयुक्त को सूचित कर गिरिबाला सिंह के घर के बाहर भारी सुरक्षा व्यवस्था (Heavy Security) की मांग की। बागसेवनिया, मिसरोद और कटारा हिल्स थानों की पुलिस के साथ बैरिकेडिंग कर सुरक्षा घेरा बना दिया गया।
मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में पेशी
CBI सूत्रों ने बताया कि गिरिबाला सिंह सेवानिवृत्त न्यायाधीश होने के कारण टीम बेहद सावधानी (Cautious Approach) बरत रही है। उनके बयान और समर्थ सिंह के बयान में विरोधाभास (Contradictions) पाए गए। साथ ही AIIMS भोपाल की मेडिकल रिपोर्ट में मौत से पहले त्विषा शर्मा के शरीर पर चोट के निशान (Injury Marks) मिलने को प्रताड़ना का सबूत माना गया है। गिरिबाला सिंह का मेडिकल कराने की तैयारी चल रही है। मेडिकल जांच के बाद उन्हें गुरुवार देर शाम या शुक्रवार सुबह CBI की विशेष अदालत (Special CBI Court) में पेश किया जाएगा। वहीं, CBI की रिमांड पर चल रहे समर्थ सिंह को 29 मई को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

