MP: भोपाल में ‘घूसखोर पंडित’ फिल्म के खिलाफ ब्राह्मण समाज का उग्र प्रदर्शन, प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

Bhopal News

Ghooskhor Pandit Protest: फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ के खिलाफ विरोध जारी है। दूसरे दिन भी ब्राह्मण समाज ने एमपी नगर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने फिल्म का नाम बदलने, इसके ट्रेलर/संवादों को हटाने और निर्माताओं के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पोस्टरों पर जूते मारकर आक्रोश जताया गया। समाज के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में फैलाया जाएगा।

Ghooskhor Pandit Protest: राजधानी भोपाल में नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के बैनर तले जोन-2, एमपी नगर क्षेत्र में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए।

फिल्म के नाम पर ब्राह्मण समाज की आपत्ति

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि फिल्म का शीर्षक ‘घूसखोर पंडित’ ब्राह्मण समाज को विशेष रूप से निशाना बनाता है और उनकी छवि को खराब करने की कोशिश करता है। उनका कहना है कि इस तरह के टाइटल से न केवल एक विशेष वर्ग की भावनाएं आहत होती हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द भी प्रभावित होता है। समाज के सदस्यों ने दावा किया कि ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर ऐसे कंटेंट के जरिए लगातार एक समुदाय को टारगेट किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन में पोस्टरों पर जूतों से हमला, नाम बदलने की मांग

आक्रोशित भीड़ ने फिल्म के निर्माताओं, निर्देशक और कलाकारों के पोस्टरों पर जूते मारकर अपना गुस्सा जाहिर किया। प्रदर्शनकारियों ने फिल्म का नाम तुरंत बदलने, इसके विवादित संवादों को हटाने और नेटफ्लिक्स से हटाने की मांग की। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के मध्य प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष पुष्पेंद्र मिश्रा ने कहा, “उत्तर प्रदेश में इस फिल्म के खिलाफ पहले ही एफआईआर दर्ज हो चुकी है, लेकिन मध्य प्रदेश सरकार अब तक चुप्पी साधे हुए है। जब तक यहां एफआईआर दर्ज नहीं होती, हमारा आंदोलन जारी रहेगा।”

प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो यह विरोध भोपाल से निकलकर पूरे मध्य प्रदेश में फैल जाएगा। एमपी नगर इलाके में प्रदर्शन के कारण कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा और अफरा-तफरी की स्थिति बनी। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है, हालांकि अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *