मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के ढचर्रे को उजागर करने वाला एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ नईगढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में डॉक्टरों की गैरम मौजूदगी में अस्पताल के माली ने एक घायल मरीज का इलाज शुरू कर दिया और उसके सिर पर टांके लगाने लगा। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
वीडियो बनता देख सुई छोड़कर भागा माली
जानकारी के अनुसार, ज़मीन विवाद में घायल हुए छोटेलाल कोल इलाज कराने नईगढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। आरोप है कि उस समय अस्पताल में कोई भी डॉक्टर या जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं था। इसी दौरान अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी (माली) के पद पर तैनात जानकी कुशवाहा ने हाथों में ग्लव्स पहने और खुद ही मरीज के सिर पर टांके लगाना शुरू कर दिया।
हैरानी की बात तब हुई जब वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो बनता देख माली घबरा गया और इलाज बीच में ही छोड़कर मौके से भाग खड़ा हुआ। इस दौरान टांके वाली सुई मरीज के सिर में ही आधी फंसी रह गई, जिससे पीड़ित दर्द से तड़पता रहा।
अस्पताल प्रशासन की लापरवाही पर जनता में आक्रोश
घटना का वीडियो सामने आते ही स्थानीय निवासियों और परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है। लोगों का कहना है कि यह न केवल मरीज की जान के साथ खिलवाड़ है, बल्कि नियमों का भी खुला उल्लंघन है। एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी द्वारा टांके लगाने की घटना ने अस्पताल की कार्यप्रणाली, ड्यूटी से गायब डॉक्टरों और जिम्मेदार अधिकारियों के निरीक्षण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कड़ी कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों और समाजसेवियों ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और ड्यूटी से नदारद डॉक्टरों तथा माली पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर जांच की बात कह रहे हैं।

