देवास। एमपी के देवास जिले के खातेगांव में दोस्ती को दागदार करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जंहा 20 हजार रूपए के लिए एक दोस्त ने अपने साथी दोस्त की बड़े ही बेरहमी तरीके से हत्या कर दिया। पुलिस ने इस हत्या कांड का 3 दिन के अंतराल में सनसनीखेज खुलासा किया है।
सड़क के किनारे मिला था शव
पुलिस के अनुसार 25 मार्च को सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला था, जिसकी पहचान हनीफ शाह निवासी खातेगांव के रूप में हुई थी। शव के पास खून लगा पत्थर पाया गया था। जिससे पुलिस को समझते देर नही लगी कि यह हत्या का मामला है। पुलिस ने मर्ग कायम करके हनीफ के मौत मामले की जांच किया तो उसका दोस्त ही कातिल निकला।
उधारी में लिए थें 50 हजार रूपए
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान मृतक के घर के आसपास व अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध आरोपित दिखा। इसकी पहचान सुनील अग्रवाल निवासी ग्राम अमेली थाना हरणगांव (हाल मुकाम सुनील का ढाबा, अजनास ब्रिज के पास) के रूप में हुई। इसको हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो इसने हत्या करना स्वीकारा।
पुलिस को उसने बताया कि उसका हनीफ से काफी समय से रुपयों का लेनदेन था। वह 50 हजार रूपए लिया था। जिसमें से 30 हजार रूपए लौटा दिया था, जबकि 20 हजार रुपये उसके द्वारा नहीं लौटाए जा रहे थे। वह योजना के तहत हनीफ को शराब पिलाने के बहाने एकांत स्थान पर ले गया और फिर हत्या कर दिया था।

