Freelancer Retirement Planning: सैलरीड कर्मचारी की तरह फ्रीलांसर की हर महीने कोई बंधी-बंधाई सैलरी नहीं होती है ऐसे में टैक्स एक्सपर्ट्स का कहना है कि फ्रीलांसर्स को कैशफ्लो-फर्स्ट स्ट्रैटेजी अपनानी चाहिए. इसका सीधा मतलब है कि जिस महीने अच्छी कमाई हो, उस दौरान ज्यादा से ज्यादा बचत और निवेश करें. वहीं, कम कमाई वाले महीनों में सिर्फ जरूरी खर्चों पर ध्यान दें और कैश बचाकर रखें.
उदाहरण से समझिए प्लानिंग
गौरतलब है कि, कोई व्यक्ति है X जिसकी आयु 28 वर्ष है और वह फ्रीलांसर है साथ ही उसकी सालाना इनकम ₹8-15 लाख है, अगर वो 55 साल की आयु तक रिटायर होकर शिमला जैसी खूबसूरत जगह पर शिफ्ट होना चाहते हैं, तो वह सही वित्तीय अनुशासन से अपना यह लक्ष्य आसानी से पा सकते हैं.
₹3 करोड़ से अधिक का फंड ऐसे बनेगा
एक्सपर्ट्स के अनुसार, अगर X की न्यूनतम सालाना इनकम ₹8 लाख भी मान ली जाए, तो उसका 25% यानी ₹2 लाख सालाना बचाना होगा. और फिर इस ₹2 लाख में से ₹1,20000 इक्विटी म्यूचुअल फंड (SIP) में और ₹80,000 पीपीएफ (PPF) में डालना होगा.
फंड की गणना
अगर हर साल आय 5% बढ़े और निवेश पर 10% से 12% का औसत रिटर्न मिले, तो 55 की उम्र तक ₹3.65 करोड़ का फंड तैयार हो जाएगा. रिटायरमेंट के समय महंगाई के हिसाब से सालाना खर्च ₹15 लाख होगा, जिसके लिए ₹3.50 करोड़ के फंड की जरूरत होगी. यानी आपकी बचत जरूरत से ज्यादा होगी.
पैरेंट्स की जिम्मेदारी और एक्स्ट्रा कमाई का सही यूज
इस प्लान में अगर X दिल्ली में था और अब वो शिमला में शिफ्ट होना चाहते हैं तो उनका दिल्ली का घर एक बड़ा सहारा है, जिसे बेचकर या रेंट पर देकर शिमला में नया घर लिया जा सकता है. एक्सपर्ट्स की सलाह है कि जब भी किसी साल ₹8 लाख से ज्यादा की कमाई हो, तो उस एक्स्ट्रा पैसे को माता-पिता के इलाज, इमरजेंसी फंड और लाइफस्टाइल को बेहतर बनाने के लिए निवेश करें. इससे माता-पिता की देखभाल भी होगी और आपके रिटायरमेंट पर भी कोई आंच नहीं आएगी.
फ्रीलांसर्स के लिए जरूरी टैक्स और अकाउंटिंग टिप्स
सबसे पहले आपको बता दें कि, फ्रीलांस कमाई को बिजनेस इनकम माना जाता है. इसलिए अपनी कमाई और खर्चों का पूरा रिकॉर्ड संभाल कर रखें. कमाई बढ़ने पर इंटरनेट, लैपटॉप, को-वर्किंग स्पेस या काम से जुड़े अन्य खर्चों को दिखाकर टैक्स में छूट ली जा सकती है. सही रिकॉर्ड रखना और समझदारी से टैक्स बचाना ही फ्रीलांसरों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाता है. और इन्हीं सभी चीजों का इस्तेमाल करके आप भी बड़ा कॉर्पस बना सकते हैं.

