रीवा रेलवे स्टेशन पार्किंग में पूर्व विधायक का धरना, ‘ड्रॉप एंड गो’ में अवैध वसूली के आरोप, दो घंटे तक हंगामा

Former MLA's protest in Rewa railway station parking

Former MLA’s protest in Rewa railway station parking : रीवा रेलवे स्टेशन की हाईटेक पार्किंग व्यवस्था को लेकर विवाद एक बार फिर गरमाया। कांग्रेस के पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना मऊगंज ने बुधवार को अपने समर्थकों के साथ पार्किंग क्षेत्र में धरना दे दिया। किसान सम्मेलन से लौटते हुए उन्होंने लगभग दो घंटे तक धरने पर बैठकर ‘ड्रॉप एंड गो’ की समय-सीमा बढ़ाने की मांग की और पार्किंग में कथित अवैध वसूली का आरोप लगाया।पूर्व विधायक का कहना है कि ‘ड्रॉप एंड गो’ सुविधा में पांच मिनट तक पार्किंग मुफ्त है, लेकिन इससे थोड़ा भी अधिक समय लगने पर दोगुना जुर्माना वसूला जा रहा है, जो यात्रियों के साथ मनमानी और अवैध वसूली के समान है।

उन्होंने बताया कि कई बार वाहन पांच मिनट में हट जाता है, लेकिन बूम बैरियर स्कैन करने, तकनीकी खराबी या अन्य कारणों से अतिरिक्त समय लग जाता है, जिससे यात्रियों को अनावश्यक रूप से अधिक राशि चुकानी पड़ती है। विरोध करने पर मारपीट की नौबत तक आ जाती है।

इस दौरान पार्किंग क्षेत्र में हंगामा मच गया और पूर्व विधायक ने जमीन पर बैठकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि पब्लिक प्लेस पर गुंडागर्दी नहीं चलेगी।रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रीवा स्टेशन एनएस तृतीय श्रेणी का है, इसलिए ‘ड्रॉप एंड गो’ की समय-सीमा पांच मिनट निर्धारित है। इस सीमा में बदलाव का अधिकार केवल रेलवे बोर्ड को है। उच्च अधिकारियों को मांग भेजने का आश्वासन मिलने के बाद पूर्व विधायक ने अपना मांग-पत्र सौंपा और धरना समाप्त कर दिया।

ठेकेदार पक्ष का कहना है कि सिस्टम पूरी तरह ऑटोमेटिक है, जिसमें कोई मैनुअल हस्तक्षेप या अतिरिक्त वसूली नहीं होती। लोग नए सिस्टम को समझ नहीं पा रहे हैं, जिससे विवाद हो रहा है। रेलवे ने यात्रियों से नियमों का पालन करने की अपील की है।यह घटना रीवा रेलवे स्टेशन की हाईटेक पार्किंग बूम-बैरियर, सीसीटीवी, ऑटोमेटिक शुल्क आदि को लेकर जारी असंतोष को दर्शाती है, जहां पहले भी अवैध वसूली और मनमानी के आरोप लग चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *