रीवा-विंध्य में कांग्रेस को करारा झटका, पूर्व विधायक लक्ष्मण तिवारी ने पार्टी छोड़ी, उपेक्षा का लगाया आरोप

Former MLA Laxman Tiwari left the Congress party

Former MLA Laxman Tiwari left the Congress party : मध्य प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक संकट गहराता जा रहा है। रीवा-विंध्य क्षेत्र के प्रमुख नेता और मऊगंज के पूर्व विधायक लक्ष्मण तिवारी ने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। उनका मुख्य आरोप है कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा 1 फरवरी को रीवा में बुलाई गई संभागीय कार्यकर्ताओं की अहम बैठक में उन्हें निमंत्रण तक नहीं दिया गया। लगातार उपेक्षा और अनदेखी से आहत होकर उन्होंने पार्टी से नाता तोड़ लिया।

इस्तीफे में लक्ष्मण तिवारी ने लिखा है, “पार्टी में मेरे योगदान और उपस्थिति को बार-बार नजरअंदाज किया जा रहा है। महत्वपूर्ण बैठकों में बुलावा न मिलना मेरे लिए अस्वीकार्य है। यह मेरे आत्मसम्मान पर गहरा आघात है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में पार्टी के साथ बने रहना संभव नहीं रहा।

लक्ष्मण तिवारी की राजनीतिक पृष्ठभूमि काफी उतार-चढ़ाव वाली रही है। वे मऊगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। पहले भाजपा में थे, लेकिन वहाँ भी उपेक्षा का आरोप लगाकर इस्तीफा दिया। उसके बाद समाजवादी पार्टी में शामिल हुए और सिरमौर से विधानसभा चुनाव लड़ा। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा था।यह इस्तीफा रीवा-विंध्य क्षेत्र में कांग्रेस के लिए लगातार दूसरा बड़ा झटका माना जा रहा है। क्षेत्र में पहले से ही कार्यकर्ताओं में असंतोष, संगठन की कमजोरी और आगामी चुनावी तैयारियों में पिछड़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

लक्ष्मण तिवारी जैसे अनुभवी नेता के जाने से पार्टी का स्थानीय स्तर पर प्रभाव और भी कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है।प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व की ओर से अभी तक इस इस्तीफे पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी इस मामले को गंभीरता से ले रही है और जल्द ही कोई बड़ा फैसला लिया जा सकता है। स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि कांग्रेस जल्द संगठनात्मक स्तर पर सुधार नहीं करती, तो विंध्य क्षेत्र में उसकी स्थिति और खराब हो सकती है। लक्ष्मण तिवारी के अगले कदम पर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *