सतना: वन विभाग के बीट गार्ड पर महिलाओं से अभद्रता और 10 हजार रु. मांगने का आरोप, खेत उजाड़ने की धमकी

Satna

Forest department beat guard misbehaves with women in Satna: मध्य प्रदेश के सतना जिले के मझगवां थाना क्षेत्र में वन विभाग के एक बीट गार्ड पर ग्रामीण महिलाओं से अभद्रता, धमकी और रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित महिलाओं ने गुरुवार देर रात मझगवां थाने में शिकायत दर्ज कराई है।घटना ग्राम पंचायत बदबदा के पछीत गांव की है। शिकायतकर्ता महिलाओं ने बताया कि बीट गार्ड देवराज कोल अतिक्रमण हटाने के बहाने उनके पास पहुंचा। जब महिलाओं ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने अभद्र व्यवहार करते हुए अकेले में मिलने की बात कही।

बेटी और बहू के साथ भी बदतमीजी

आरोप है कि उसने महिलाओं की बेटी और बहू के साथ भी बदतमीजी की तथा खेत की बाड़ तोड़कर नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया।महिलाओं के मुताबिक, बीट गार्ड ने खेती करने देने के एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। रकम नहीं देने पर उसने जेसीबी मशीन से पूरा खेत उजाड़ देने और परेशान करने की धमकी दी। विरोध जताने पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया।

लिखित शिकायत पर मामला दर्ज

मझगवां पुलिस ने महिलाओं की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि बीट गार्ड के खिलाफ प्राथमिक जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। वन विभाग को भी घटना की सूचना दे दी गई है। जांच पूरी होने पर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।मामला सामने आने के बाद गांव में आक्रोश है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *