Site icon SHABD SANCHI

सतना में सड़क विवाद में फायरिंग, फायर मिस होने पर बंदूक की बट से किया हमला, युवक गंभीर रूप से घायल

Firing in road dispute in Satna

Firing in road dispute in Satna

सतना। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की पेप्टेक सिटी कॉलोनी में रविवार दोपहर एक गंभीर घटना सामने आई, जिसमें एक युवक पर पिस्टल से फायरिंग की गई और फायर मिस होने पर बंदूक की बट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, आरोपी रघुराज सिंह रघु ने गौरव सिंह गोलू का रास्ता अपनी कार से रोक लिया। इसके बाद उन्होंने पिस्टल निकालकर गौरव पर गोली चलाई, लेकिन गोली चूक गई। इसके बाद रघुराज ने पिस्टल की बट से गौरव के चेहरे और आंख पर जोरदार हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

घटना का कारण सड़क निर्माण के एक टेंडर से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है। कुछ महीने पहले खुला यह टेंडर गौरव सिंह के नाम पर स्वीकृत हुआ था, जबकि रघुराज भी इसमें निविदाकर्ता के रूप में शामिल थे। टेंडर मिलने के बाद रघुराज ने काम में हिस्सेदारी की मांग की, जिसे लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था। पहले दोनों के बीच मित्रतापूर्ण संबंध थे, लेकिन टेंडर स्वीकृत होने के बाद हालात बिगड़ गए। रघुराज कुछ समय के लिए शहर से बाहर भी चले गए थे।

रविवार को पेप्टेक सिटी स्थित गुलाब पार्क में कॉलोनी की एक बैठक हुई थी, जिसमें दोनों मौजूद थे। बैठक के दौरान भी दोनों के बीच कहासुनी हुई। बैठक समाप्त होने के बाद गौरव अपनी कार से कॉलोनी से बाहर जा रहे थे, तभी रघुराज ने उन्हें रोकने की कोशिश की। कार न रुकने पर रघुराज ने पिस्टल से फायर किया, जो मिस हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर गौरव ने गाड़ी रोकी और शीशा नीचे कर बात करने की कोशिश की, लेकिन रघुराज ने पास आकर बंदूक की बट से हमला कर दिया। इस दौरान गौरव के साथ लकी नाम का व्यक्ति भी मौजूद था।

हमले के बाद गौरव किसी तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंचे और सिविल लाइन थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर जब्त कर लिया है और कॉलोनी के गार्ड तथा अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश और जांच जारी है।

Exit mobile version