Fireworks and obscene acts in Gavinath Dham temple: सतना जिले के सभापुर थाना क्षेत्र स्थित गैवीनाथ धाम शिव मंदिर परिसर में तीन युवकों द्वारा पटाखे फोड़ने और अश्लील इशारे करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। मंगलवार को तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
वायरल वीडियो में सूरज पाठक पिता संजय उर्फ सुनील पाठक, सचिन पाठक पिता स्वर्गीय कुट्ट पाठक और पीयूष उर्फ रवि गुप्ता पिता कमलेश कुमार गुप्ता सभी बिरसिंहपुर के निवासी हैं, जो खतरनाक तरीके से आतिशबाजी करते और मंदिर परिसर में अशोभनीय व्यवहार करते दिख रहे हैं।
यह कृत्य धार्मिक स्थल के प्रति अपमानजनक माना गया है।सभापुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 287, 288, 296(बी) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया। थाना प्रभारी ने बताया, “धार्मिक स्थलों पर अशांति फैलाने या अनुशासन भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रकरण की विवेचना जारी है।”मामले ने स्थानीय स्तर पर आक्रोश पैदा किया है। धार्मिक संगठनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मंदिर की पवित्रता बनाए रखने की मांग की है।
