मऊगंज: मऊगंज कलेक्ट्रेट कार्यालय के मुख्य द्वार पर बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के धरना-प्रदर्शन करने, अधिकारियों पर अभद्र टिप्पणी करने और सार्वजनिक स्थान पर अमर्यादित व्यवहार करने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 10 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
कपड़े उतारकर प्रदर्शन और अधिकारियों पर टिप्पणी का आरोप
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बीते 23 जुलाई को नईगढ़ी तहसील के रामपुर निवासी कुंज बिहारी तिवारी अपने 8-10 साथियों के साथ मऊगंज कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर बिना अनुमति धरना देने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने शासकीय अधिकारियों के खिलाफ अमर्यादित व अभद्र भाषा का प्रयोग किया। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर के सामने कपड़े उतारकर विरोध जताया गया, जिससे सार्वजनिक व्यवस्था और शांति प्रभावित हुई।
वीडियो फुटेज से साक्ष्य जुटा रही पुलिस, शांति बनाए रखने की अपील
मामले की गंभीरता को देखते हुए मऊगंज पुलिस ने कुंज बिहारी तिवारी और उनके साथियों के खिलाफ BNS की धारा 296(ए), 132, 351(2), 191(1) और 223 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस घटना स्थल के वीडियो फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मऊगंज पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि लोकतंत्र में अपनी मांगें रखने का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध-प्रदर्शन हमेशा तय कानूनी प्रक्रिया, मर्यादा और शांतिपूर्ण तरीके से ही किया जाना चाहिए।

