रीवा। श्याम शाह मेडिकल कॉलेज में जूनियर और सीनियर एमबीबीएस छात्रों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अमहिया थाना पुलिस ने इस मामले में 28 छात्रों को नामजद किया है। अमहिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने बताया कि अब तक 28 नाम जद छात्रों पर एफआईआर दर्ज किए जा चुके हैं। इसके साथ ही घटना से जुड़े वीडियो फुटेज के आधार पर जांच जारी है और आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जो भी शिकायतें आएगी उस आधार पर आगे भी एक्शन लिया जाएगा।
यह था मामला
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत छुट्रटी को लेकर हो रही बातचीत के बीच एक जूनियर छात्र के स्किन कलर को लेकर की गई टिप्पणी ने देखते ही देखते बवाल कर दिया। बहस के बीच शुरू हुआ विवाद हाथापाई और बाद में गुटबंदी में बदल गया। यह विवाद सोमवार को दोपहर शुरू हुआ और देर रात तक छात्र गुट एक दूसरे पर डंडे, बेल्ट और लात, घूसे बरसाते रहे।
विवाद लिया उग्र रूप
अस्पताल परिसर में लगभग आधे घंटे तक छात्रों ने जमकर उपद्रव मचाया, जिससे आपातकालीन विभाग की व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई। इसके बाद मेडिकल कॉलेज के डीन ने छात्रों को समझाया, चेतावनी दी और छात्रावास जाकर भी उन्हें शांत रहने की सलाह दी। लेकिन शाम को स्थिति फिर बिगड़ गई। सोमवार रात करीब 8 बजे पीटीएस चौराहे पर छात्रों के दो गुटों के बीच फिर से जमकर मारपीट हुई। इस दौरान कई छात्र घायल हो गए, जिनका इलाज संजय गांधी चिकित्सालय में चल रहा है। मारपीट के दौरान छात्रों ने बेल्ट के अलावा संजय गांधी अस्पताल में लगे पाइप तोड़कर भी हमला किया। कई छात्रों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
कॉलेज प्रशासन ले सकता है बड़ा एक्शन
जिस तरह से रीवा के एसएस मेडिकल कॉलेज के छात्र गुटों ने उग्र रूप धारण किया वह मेडिकल ऐजूकेशन जैसे प्रोफेसनल में किसी तरह से उचित नही मानी जा रही है और रीवा मेडिकल कॉलेज की किरकिरी हो रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन इस मामले में जल्द ही बड़ा एक्शन ले सकता है।
