Site iconSite icon SHABD SANCHI

Satna News : बस और ट्रैक्टर की भीषण भिड़ंत, रेलिंग में फंसी बस, ग्राइंडर से बस काटकर निकाले गए घायल

Fierce collision between bus and tractor in SatnaFierce collision between bus and tractor in Satna

Fierce collision between bus and tractor in Satna

सतना। सतना जिले के कोटर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बाणसागर नहर के समीप एक तेज रफ्तार यात्री बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर नहर की रेलिंग में जा फंसी, जिससे बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में लगभग 12 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

ओवरटेक के चक्कर में हुआ हादसा, लोहे की सीटों के बीच फंसे यात्री

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 1:15 बजे उस समय हुआ जब बस क्रमांक (MP 19 P 0614) सतना से सेमरिया की ओर जा रही थी। बस की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे उसने नियंत्रण खो दिया और बस सीधे सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। हादसे में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और दो यात्री सीटों के बीच बुरी तरह फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

ग्राइंडर से काटकर निकाले गए घायल

घटना की सूचना मिलते ही कोटर थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए स्थानीय लोगों की मदद ली गई और ग्राइंडर मशीन मंगवाई गई। पुलिस ने बस के लोहे के हिस्सों को काटकर अंदर फंसे गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए कोटर अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।

सतना-सेमरिया मार्ग पर लगा लंबा जाम

इस भीषण टक्कर के बाद सतना-सेमरिया मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की ताकि आवागमन सुचारु किया जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बस चालक की लापरवाही को लेकर जांच की जा रही है।

Exit mobile version