Site iconSite icon SHABD SANCHI

एमपी में हैवान बना पिता, 12 साल के बच्चे को रस्सी में बांधकर बाइक से घसीटते हुए ले गया, हालत गंभीर

विदिशा। यू तो पिता अपने बच्चों का पालन हार होता है और वह दिन रात एक करके अपने बच्चों की परवरिश के लिए पूरी व्यवस्था करता है, लेकिन इससे उलट एक ऐसा मामला सामने आ रहा है, जिसमें पिता की हैवानियत से हर कोई हिल गया। यह मामला है मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में स्थित गंजबासौदा तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम पड़रिया शिवरामपुर का। यहां एक शराबी पिता की हैवानियत सामने आई है। आरोपी पिता ने अपने 12 वर्षीय बेटे को बेरहमी से पीटा और फिर हाथ-पैरों को रस्सी से बांधकर मोटरसाइकिल से घसीटते हुए ले जा रहा था। गनीमत रही की बच्चे की चीखें सुनकर गांव के लोग उसे घेर लिए और आरोपी पिता के चंगुल से बेटे को मुक्त कराकर अस्पताल ले गए।

नशेड़ी पिता की करतूत

जो जानकारी आ रही है उसके तहत आरोपी पिता 39 वर्षीय तूफान सिंह, शराब के नशे का आदी है। वह अपने ही 12 साल के बेटे के साथ मारपीट करके उसे बाइक में बांधकर घसीटते हुए ले जा रहा था। जिससे बच्चे के सिर, मुंह, नाक, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।

ऐसे नाराज हुआ पिता

पिता के द्वारा इस क्रूर हरकत का जो कारण अभी तक में सामने आ रहा है। उसके तहत बच्चे द्वारा घर में कथित तौर पर मस्ती करने और अलमारी टूटने जैसी मामूली बात पर नशे में धुत पिता का गुस्सा फूट पड़ा और वह बच्चे को सजा पर सजा देता ही जा रहा था, जबकि बच्चा लगातार पिता से माफी मागते हुए छोड़ देने की गुहार लगाता रहा।

सरपंच ने बचाई जान

जानकारी के तहत बच्चे के साथ की जा रही क्रूरता के बीच स्थानीय सरपंच लक्ष्मण सिंह दांगी और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बच्चे की जान बचाई और उसे अस्पताल पहुंचाया। आरोपी पिता के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम और बच्चों के साथ क्रूरता की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। बाल कल्याण समिति के निर्देश पर पीड़ित मासूम सहित उसके चारों भाई-बहनों को सुरक्षित संरक्षण के लिए भोपाल के बाल गृह भेज दिया गया है। घटना के बाद से आरोपी पिता फरार है और पुलिस उसकी तलाश करने एवं गिरफ्तारी के प्रयास कर रही हैं।

Exit mobile version