Site icon SHABD SANCHI

सतना में दो थप्पड़ों का बदला लेने हिस्ट्रीशीटर ने किसान को मारीं 5 गोलियां, बेटे पर भी किया फायर

Farmer shot 5 bullets to avenge two slaps in Satna

Farmer shot 5 bullets to avenge two slaps in Satna

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नागौद थाना क्षेत्र के बारापत्थर गांव में हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने दो थप्पड़ों का बदला लेने के लिए एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावर ने किसान पर ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए पांच गोलियां दागीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने किसान के बेटे पर भी फायरिंग कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार घटना गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है। मृतक किसान की पहचान अभय उर्फ बब्लू यादव (50) के रूप में हुई है। आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर चंदन यादव ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि एक दिन पहले बुधवार शाम को चंदन यादव का छोटा भाई शरद यादव गांव में ग्रामीणों से गाली-गलौज कर रहा था। इस दौरान अभय यादव ने उसे डांटते हुए दो थप्पड़ मार दिए थे। इस बात से नाराज होकर शरद ने अपने भाई चंदन यादव को फोन कर घटना की जानकारी दी और अपमान का बदला लेने की बात कही।

गुरुवार रात चंदन यादव अपने साथियों के साथ बारापत्थर गांव पहुंचा। उस समय अभय यादव अपने घर की छत पर टहल रहा था। चंदन ने पिस्टल निकालकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अभय यादव को दो गोलियां पीठ में और एक-एक गोली पेट, गर्दन और पसली में लगी। गंभीर रूप से घायल अभय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वारदात के बाद आरोपी यहीं नहीं रुके। चंदन और उसके साथी गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित अभय यादव के बेटे राणा यादव (25) की किराना दुकान पर पहुंचे और उस पर भी कई राउंड फायरिंग कर दी। जान बचाने के लिए राणा दुकान छोड़कर भागा, लेकिन उसके दाहिने पैर में दो गोलियां लग गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

इतना ही नहीं, घटना के बाद चंदन यादव ने अभय के छोटे बेटे राजा यादव को फोन कर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

सूचना मिलते ही नागौद थाना प्रभारी अशोक पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने अभय यादव के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चुरी भिजवाया, जबकि घायल राणा यादव को पहले नागौद सिविल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से परिजन उसे आगे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी चंदन यादव एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह दिसंबर 2025 में एक महीने की पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन तय अवधि पूरी होने के बाद भी वापस नहीं लौटा। पुलिस तभी से उसकी तलाश कर रही थी।

फिलहाल नागौद समेत आसपास के थानों की पुलिस आरोपी चंदन यादव और उसके साथियों की तलाश में जुटी है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस ने यह भी बताया कि मृतक अभय उर्फ बब्लू यादव के खिलाफ भी हत्या के दो मामलों समेत कई आपराधिक प्रकरण दर्ज थे और वह पहले जेल भी जा चुका था।

Exit mobile version