Family victim of accident goes to Prayagraj for treatment: रीवा। प्रयागराज के शंकरगढ़ इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-35 पर कपारी मोड़ के पास मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे एक भयानक सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के रीवा निवासी प्रदीप द्विवेदी (34 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी रंजना द्विवेदी और 10 वर्षीय बेटा पवित्र द्विवेदी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार इलाज कराने प्रयागराज जा रहा था।
प्रयागराज से बांदा जा रही रोडवेज बस ने कपारी मोड़ पर उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रदीप सड़क पर गिरते ही दम तोड़ दिया, जबकि पत्नी-बेटा घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े रहे।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर हालत में प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया।शंकरगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया। बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है।स्थानीय लोगों ने बताया कि कपारी मोड़ पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। प्रशासन से स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की जा रही है।

