Site icon SHABD SANCHI

रीवा में एसआईआर के बाद मतदाता सूची में गलतियों का अंबार, प्रशासन ने जारी किए 3.48 लाख नोटिस

Errors abound in voter list after SIR in Rewa

Errors abound in voter list after SIR in Rewa

Errors abound in voter list after SIR in Rewa: रीवा जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद बड़ी संख्या में गलतियां सामने आई हैं। इन त्रुटियों को सुधारने के लिए जिला प्रशासन अब तेजी से काम में जुट गया है और मतदाताओं को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों और बीएलओ को इस काम में खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।

प्रशासन ने कुल 3 लाख 48 हजार से अधिक नोटिस कंप्यूटर पर तैयार करवाए हैं। गुरुवार को ये नोटिस प्रिंट होने के बाद कलेक्टर कार्यालय के गेट पर थोक में रखे गए, जहां से संबंधित तहसीलदार अपने वाहनों से इन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में ले जा रहे हैं। इसके बाद बीएलओ इन नोटिसों को घर-घर जाकर मतदाताओं तक पहुंचाएंगे।

नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय में अपना जवाब और आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार, वोटर आईडी, जन्म प्रमाण पत्र आदि जमा करें, ताकि उनकी त्रुटियां सुधार सकें। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान जिले में सबसे अधिक गलतियां मिली हैं। मुख्य कारण यह है कि सत्यापन 2003 की पुरानी मतदाता सूची से किया गया था, जिसमें मतदाताओं के सरनेम दर्ज नहीं थे। अब नई सूची में सरनेम जोड़े जाने के कारण डेटा मैच नहीं हो रहा है, जिससे नामों में विसंगतियां, डुप्लिकेट एंट्री या गलत विवरण सामने आए हैं।

इसके अलावा, एसआईआर के बाद ग्राम पंचायत स्तर पर लगभग 85 हजार मतदाताओं के नाम चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें मतदाता सूची से हटाया जा सकता है। इनकी सूची जल्द प्रकाशित की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए जरूरी है, ताकि लोकतंत्र मजबूत हो। मतदाताओं से अपील की गई है कि वे नोटिस का जवाब समय पर दें और सहयोग करें।

Exit mobile version