बालाघाट। मध्यप्रदेश में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के प्रभारी कार्यपालन यंत्री के.के. सिंगारे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों के बाद EOW की टीमों ने गुरुवार सुबह बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल स्थित उनके ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान बालाघाट स्थित शासकीय आवास से करीब 2.5 लाख रुपए नकद मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा करीब 25 लाख रुपए कीमत का वाहन और एक दर्जन से ज्यादा संदिग्ध खाली लिफाफे भी मिलने की बात कही जा रही है। हालांकि, पूरी तलाशी और जांच के बाद ही कुल बरामदगी की स्थिति स्पष्ट होगी।
सुबह करीब 5:45 बजे तीन जगहों पर पहुंची टीम
EOW की टीमों ने गुरुवार सुबह करीब 5:45 से 6 बजे के बीच सिंगारे के ठिकानों पर दबिश दी। बालाघाट और छिंदवाड़ा के अलावा भोपाल स्थित आवास पर भी जांच की जा रही है। कार्रवाई EOW के डीएसपी मनजीत सिंह के नेतृत्व में होने की जानकारी सामने आई है।
टीम घरों में मौजूद दस्तावेज, बैंक खातों, जमीन-मकान से जुड़े कागजात, वाहन, निवेश और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य अधिकारी की ज्ञात आय और उनके नाम या उनसे जुड़े लोगों के नाम पर मौजूद संपत्ति के बीच संभावित अंतर का पता लगाना है।
ठेकेदारों ने लगाए थे कमीशन मांगने के आरोप
जानकारी के मुताबिक, के.के. सिंगारे पिछले करीब 14 महीने से बालाघाट में पदस्थ हैं। इस दौरान कुछ ठेकेदारों ने निर्माण कार्यों के बिलों के भुगतान में कथित कमीशन मांगने और परेशान करने के आरोप लगाए थे। एक शिकायत में एक ठेकेदार के करीब 30 लाख रुपए के भुगतान में से 10 लाख रुपए कमीशन मांगने का आरोप भी लगाया गया था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। EOW की जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और वित्तीय अनियमितताओं की स्थिति स्पष्ट होगी।
बैंक खातों और संपत्तियों की भी जांच
EOW की टीम तीनों स्थानों पर संपत्ति और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज खंगाल रही है। बैंक खाते, लॉकर, जमीन-मकान, वाहन, निवेश और अन्य संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। अभी तक सामने आई जानकारी के अनुसार बालाघाट में 2.5 लाख रुपए नकद और वाहन मिलने की बात सामने आई है। तलाशी पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कुल कितनी नकदी, संपत्ति और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं। EOW की कार्रवाई फिलहाल जारी है।

