सतना शहर के बगहा स्थित शासकीय सीएम राइज स्कूल की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने रविवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने स्कूल परिसर के भीतर बने एक अवैध गोदामनुमा निर्माण को जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने किया। मौके पर एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, तहसीलदार सौरव मिश्रा, सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा और पटवारी राजेश प्रजापति सहित राजस्व व पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों की कड़ी निगरानी में यह पूरी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुई।
एसडीएम राहुल सिलाडिया ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सीएम राइज स्कूल की बाउंड्रीवॉल के अंदर लंबे समय से एक गोदामनुमा अवैध निर्माण खड़ा था। यह निर्माण पूरी तरह से शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की श्रेणी में आता था। प्रशासन द्वारा संबंधित गोदाम मालिक को कई बार कानूनी नोटिस जारी किए गए थे और उसे स्वयं ही अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे।
प्रशासन द्वारा बार-बार दिए गए नोटिस और तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी जब कब्जाधारी ने जमीन खाली नहीं की, तो प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा। रविवार को वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए टीम ने जेसीबी की मदद से अवैध गोदाम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के बाद अब यह कीमती शासकीय भूमि आधिकारिक तौर पर स्कूल प्रबंधन को सौंप दी गई है।

