Site iconSite icon SHABD SANCHI

मऊगंज में करंट लगने से हाथी की दर्दनाक मौत, 6 महीने से घूम रहा था हाथियों का जोड़ा, सुरक्षा पर गंभीर सवाल

Elephant dies a painful death due to electrocution in Mauganj.Elephant dies a painful death due to electrocution in Mauganj.

Elephant dies a painful death due to electrocution in Mauganj.

मऊगंज: मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां मलकपुर गांव के पास खुले बिजली के तार की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाथी की सूंड में बिजली का तार फंस गया था, जिससे उसे तेज करंट लगा और उसकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। डीएफओ लोकेश नीरापुरे ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मलकपुर के पास ही हाथी का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जिस जगह यह हादसा हुआ, वह क्षेत्र वन विकास निगम और मऊगंज जिले के अंतर्गत आता है।

6 महीने से रीवा, सीधी और मऊगंज के जंगलों में घूम रहा था जोड़ा

वन विभाग के अनुसार, हाथियों का यह जोड़ा पिछले करीब छह महीने से मऊगंज, रीवा और सीधी जिलों के अलग-अलग जंगलों में घूम रहा था। हाल ही में दोनों हाथी मऊगंज के हनुमना क्षेत्र में पहुंचे थे, जहां वे करीब छह दिन तक विभिन्न गांवों के आसपास घूमते रहे। इस दौरान उनके द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाने और कुछ घरों को तोड़े जाने की घटनाएं भी सामने आई थीं।

14 सितंबर को सीधी के जंगलों में पहुंचा था जोड़ा

रिकॉर्ड के मुताबिक, 14 सितंबर को दोनों हाथी हनुमना क्षेत्र के तुर्रा पहाड़ को पार कर सीधी जिले के मधुगांव के जंगल में पहुंचे थे। इसके बाद वे करीब पांच दिनों तक मऊगंज-सीधी सीमा से लगे जंगलों में ही सक्रिय रहे। शुक्रवार की रात जब दोनों हाथी वापस मऊगंज सीमा के मलकपुर के पास पहुंचे, तो उनमें से एक हाथी खुले बिजली के तार की चपेट में आ गया, जिससे शनिवार को उसकी मौत की दुखद खबर सामने आई।

वन्यजीवों की सुरक्षा पर खड़े हुए बड़े सवाल

इस घटना के बाद से जंगल क्षेत्रों में फैले खुले बिजली के तारों और लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली लाइनों को सुरक्षित नहीं किया गया, तो इस तरह के हादसों में और भी बेजुबान जानवरों की जान जा सकती है।

Exit mobile version