Bihar Politics: सलाखों के पीछे से चुनावी हुंकार, हाथों में हथकड़ी और गले में माला पहन नामांकन करने पहुंचा बाहुबली बिहार की राजनीति में अक्सर दिलचस्प और हैरान करने वाली तस्वीरें सामने आती रहती हैं, लेकिन मुंगेर के जमालपुर प्रखंड कार्यालय में जो नजारा दिखा, उसने कानून और लोकतंत्र की एक अजीबोगरीब तस्वीर पेश कर दी। सिंघिया पंचायत से पैक्स अध्यक्ष पद के लिए एक उम्मीदवार जब पर्चा भरने पहुंचा, तो उसके हाथों में पुलिस की हथकड़ी थी और चेहरा फूलों की मालाओं से लदा हुआ था।
भारी सुरक्षा के बीच जेल टू नामांकन। Bihar Politics
यह पूरा मामला सिंघिया पंचायत के पैक्स चुनाव से जुड़ा है। यहाँ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी जमाल मल्लिक उर्फ बबलू मल्लिक पिछले चार महीनों से जेल में बंद हैं। उन पर सफियाबाद थाना क्षेत्र में एक जमीन विवाद के दौरान गोलीबारी करने का गंभीर आरोप है। न्यायिक हिरासत में होने के कारण, शनिवार को पुलिस प्रशासन उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच जेल की वैन से जमालपुर प्रखंड कार्यालय लेकर पहुंची।
समर्थकों का जोश और जनता की हैरानी।
जैसे ही पुलिस की गाड़ी रुकी और हथकड़ी लगे जमाल मल्लिक बाहर निकले, वहां मौजूद उनके समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। समर्थकों ने उन्हें फूलों की मालाओं से लाद दिया। एक तरफ पुलिस के जवान उन्हें मजबूती से पकड़े हुए थे, तो दूसरी तरफ समर्थक अपने नेता की जय-जयकार कर रहे थे। हथकड़ी में जकड़े उम्मीदवार का यह ‘विजयी’ अंदाज देखकर वहां मौजूद अन्य लोग और राहगीर दंग रह गए।
कानूनी प्रक्रिया और चर्चाओं का बाजार। Bihar Politics
जमाल मल्लिक ने न्यायिक अनुमति मिलने के बाद अपने समर्थकों की भीड़ और पुलिस के साये में नामांकन कक्ष तक पहुंचकर अपना पर्चा दाखिल किया। नामांकन के बाद उन्हें वापस जेल भेज दिया गया। प्रखंड कार्यालय परिसर में इस दृश्य को देखकर लोग राजनीति में अपराधियों की पैठ और कानूनी बारीकियों पर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। बड़ा सवाल यह है कि क्या सलाखों के पीछे से शुरू हुआ यह चुनावी सफर जमाल मल्लिक को जीत की कुर्सी तक पहुंचा पाएगा? फिलहाल, हथकड़ी के साथ नामांकन की यह तस्वीरें पूरे इलाके में टॉक ऑफ द टाउन बनी हुई हैं।
