Site iconSite icon SHABD SANCHI

रीवा में ED की ताबड़तोड़ रेड, भाजपा नेताओं सहित चार बड़े संविदाकारों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापे

ED raidED raid

ED raid

रीवा। रीवा जिले में शुक्रवार तड़के प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्थिक जगत में हड़कंप मचा दिया है। व्यापक स्तर पर टैक्स चोरी, वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग की शिकायतों के बाद भोपाल से आई ईडी की अलग-अलग टीमों ने सुबह करीब 5:00 बजे एक साथ शहर के चार नामचीन संविदाकारों और कारोबारियों के ठिकानों पर औचक दबिश दी। केंद्रीय एजेंसी की इस अचानक हुई मैराथन कार्रवाई से पूरे विंध्य क्षेत्र के व्यापारिक और राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है।

तड़के 5 बजे ‘लालता सदन’ और मिश्रा के आवास पर दी दबिश

ईडी की टीमों ने सबसे पहले वार्ड क्रमांक 5 स्थित पदमधर कॉलोनी में दस्तक दी। यहाँ भाजपा नेता प्रदीप सोहगौरा के भाई व शहर के चर्चित संविदाकार और क्रेशर संचालक कृष्णकांत सोहगौरा व सौरभ सोहगौरा के निवास ‘लालता सदन’ को घेरा गया। इसके साथ ही, ईडी की दूसरी टीम ने इंदिरा नगर स्थित एक और नामी संविदाकार त्रिवेणी प्रसाद मिश्रा के निवास पर छापा मारा। दोनों ही ठिकानों पर अधिकारियों ने अचानक पहुंचकर परिसरों को अपने नियंत्रण में ले लिया।

शिल्पी प्लाजा के दफ्तरों से लेकर भाजपा नेता के घर तक कार्रवाई का दायरा

कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए ईडी की तीसरी टीम ने शिल्पी प्लाजा के सामने स्थित रमेश गुप्ता की व्यावसायिक फर्मों ‘मैहर सीमेंट पाइप इंडस्ट्रीज’ और ‘एसपी सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड’ के कार्यालयों को सील कर जांच शुरू की। वहीं, दोपहर होते-होते ईडी की चौथी टीम ने एक और बड़ा एक्शन लेते हुए भाजपा नेता व दिग्गज संविदाकार राम सज्जन शुक्ला के अनंतपुर स्थित निज निवास पर धावा बोल दिया।

दस्तावेजों में बड़ी विसंगतियां; खौफ में नहीं खुले बाजारों के ताले

दिनभर चली इस बेहद गोपनीय और मैराथन कार्रवाई के दौरान ईडी के अधिकारियों ने इन सभी कारोबारियों के टैक्स रिटर्न, बैंक खातों, जमीनी दस्तावेजों और लॉकरों सहित व्यावसायिक लेन-देन से जुड़े वित्तीय अभिलेखों को खंगाला। शुरुआती सूत्रों के मुताबिक, इन दस्तावेजों में बड़े पैमाने पर वित्तीय विसंगतियां और संदिग्ध ट्रांजैक्शन पाए जाने की बात सामने आ रही है।

इस बड़ी छापेमारी का खौफ शहर के अन्य व्यवसायियों में भी साफ देखा गया; स्थिति यह थी कि कार्रवाई के डर से शहर के कई प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के ताले दोपहर बाद तक भी नहीं खुले। फिलहाल सभी चारों स्थानों पर केंद्रीय एजेंसी की गहन जांच और पूछताछ का दौर जारी है, जिससे आने वाले दिनों में कुछ बेहद चौंकाने वाले और बड़े खुलासे होने की पूरी संभावना जताई जा रही है।

Exit mobile version