Site iconSite icon SHABD SANCHI

पूर्व मंत्री आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर ईडी की रेड, 10 ठिकानों पर पहुची टीम, राजनेताओं में खलबली

नईदिल्ली। पूर्व मंत्री एवं समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी समेत 10 ठिकानों पर बुधवार की सुबह प्रवर्तन निदेशालय ने एक साथ रेड किया है। अल सुबह पहुची ईडी की टीम से राजनेताओं में खलबली है। ईडी की यह कार्रवाई यूपी के रामपुर, सहारनपुर समेत नई दिल्ली के 10 ठिकानों पर चल रही है। सपा नेता आजम खान का जौहर ट्रस्ट आयकर विभाग को विश्वविद्यालय के निर्माण में अरबों खर्च का ब्योरा नहीं दे पा रहा है। इसमें भारी मात्रा में काला धन का उपयोग किए जाने की आशंका है। माना जा रहा है कि इसी की जांच पड़ताल को ईडी ने छापेमारी की है, ज्ञात हो कि दो पैन कार्ड मामले में सपा के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खान रामपुर की जेल में 10 वर्ष के कैद की सजा काट रहे है।

मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा मामला

यह मामला मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े कथित प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट से जुड़ा है, ईडी की लखनऊ जोनल टीम पीएमएलए की धारा 17 के तहत तलाशी कर रही है. जांच का सबसे अहम हिस्सा सरकारी ठेकों में आने-जाने वाले पैसे को लेकर है। ईडी को शंका है कि सरकारी कामों के लिए जारी रकम का कुछ हिस्सा निजी ठेकेदारों के जरिए दूसरी जगह पहुंचाया गया. इसके बाद इसी रकम का इस्तेमाल ट्रस्ट या यूनिवर्सिटी से जुड़े कामों में किए जाने की आशंका है।

इस तरह की कर रही जांच

टीमें आजम खान से जुड़े ट्रस्ट और उनकी महत्वाकांक्षी परियोजना मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मामलों की जांच कर रही हैं. कार्रवाई के दौरान दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसी की कार्रवाई का केंद्र वित्तीय लेन-देन, कथित वित्तीय अनियमितताओं और फंडिंग से जुड़े पहलुओं पर है। ईडी की टीमें यह पता लगाने में जुटी हैं कि ट्रस्ट और यूनिवर्सिटी से जुड़े वित्तीय लेन-देन में किसी तरह की मनी लॉन्ड्रिंग हुई है या नहीं। फिलहाल जांच एजेंसी की ओर से छापेमारी से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. तलाशी पूरी होने के बाद ईडी की ओर से बरामद दस्तावेजों या अन्य साक्ष्यों के बारे में जानकारी दिए जाने की संभावना है।

Exit mobile version