Site iconSite icon SHABD SANCHI

मध्यप्रदेश में भूकंप के झटके, रिएक्टल पैमाने पर 3.8 रही तीव्रता

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश में भूकंप के झटके महसूस किए गए है। जो जानकारी आ रही है उसके तहत प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के केसला ब्लॉक में भूकंप के झटके महसूस होने पर ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार रिएक्टल पैमाने पर 3.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि कहीं से भी किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की जानकारी सामने नही आई है। अचानक हुए कंपन से लोग घरों से बाहर निकल आए और देर रात तक भूकंप को लेकर चर्चा होती रही।

इन गांवों में महसूस हुआ कंपन

भूकंप का असर केसला ब्लॉक के ग्राम चिचवानी, छीतापुरा और आसपास के क्षेत्रों में महसूस किया गया। भूकंप का केंद्र बिंदु 22.367° उत्तरी अक्षांश और 77.688° पूर्वी देशांतर पर स्थित था। भूकंप की गहराई जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई, जिसके कारण आसपास के इलाकों में कंपन महसूस हुआ। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि भूकंप की जानकारी प्राप्त हुई है और संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। अब तक किसी गांव से नुकसान या घायल होने की सूचना नहीं मिली है।

Exit mobile version