सतना। सतना रेलवे स्टेशन पर इंसानियत दिखाना एक सुरक्षाकर्मी को उस वक्त भारी पड़ गया, जब उनके द्वारा बचाए गए एक शराबी युवक ने उन पर ही जानलेवा हमला कर दिया। प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर शनिवार शाम को हुई इस सनसनीखेज वारदात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद मुस्तैद जीआरपी पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।
गश्त के दौरान पटरी पर गिरा नशेड़ी, आरपीएफ जवान ने बचाई जान
जीआरपी चौकी प्रभारी राजेश राज से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम आरपीएफ के हेड कांस्टेबल गोविंद नारायण सिंह प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी का रहने वाला 36 वर्षीय बिहारीलाल अत्यधिक नशे की हालत में प्लेटफॉर्म पर लड़खड़ाते हुए घूम रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वह सीधे रेलवे ट्रैक पर जा गिरा। हेड कांस्टेबल गोविंद नारायण सिंह ने तत्परता दिखाई और प्लेटफॉर्म पर मौजूद अन्य लोगों की मदद से उसे ट्रेन आने से पहले सुरक्षित बाहर खींचकर प्लेटफॉर्म पर चढ़ाया।
डांटने पर भड़का आरोपी, पुलिसकर्मी का ही डंडा छीनकर की पिटाई
जान बचाने के बाद जब हेड कांस्टेबल ने युवक को लापरवाही बरतने और शराब के नशे में धुत होने के कारण डांट-फटकार लगाई, तो आरोपी बिहारीलाल आगबबूला हो गया। वह पुलिसकर्मी से उलझ गया और उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते आरोपी ने अचानक हेड कांस्टेबल गोविंद नारायण सिंह के हाथ से उनका आधिकारिक डंडा छीन लिया और उन्हीं पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। प्लेटफॉर्म पर अचानक हुए इस हमले से अफरा-तफरी मच गई, लेकिन हेड कांस्टेबल ने सूझबूझ दिखाई और वहां मौजूद वेंडरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शराबी युवक पर काबू पाया।
शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट का मामला दर्ज, जाना था मुंबई
घटना के तुरंत बाद आरपीएफ ने आरोपी को जीआरपी के हवाले कर दिया। जीआरपी ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी बिहारीलाल के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करने सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी या काम के सिलसिले में मुंबई जा रहा था, लेकिन अत्यधिक नशा करने के कारण वह गलती से सतना स्टेशन पर ही उतर गया और इस पूरी वारदात को अंजाम दे बैठा।

