Driver’s body found hanging from a container on the highway in Maihar: मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र में नेशनल हाईवे 30 पर बुधवार दोपहर एक कंटेनर चालक का शव वाहन के बाहर फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान मुकेश रावत, निवासी शिवपुरी जिले के ग्राम जरवाली के रूप में हुई है। वह एक निजी परिवहन कंपनी में कंटेनर चालक के तौर पर कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, मुकेश रावत नासिक से स्कॉर्पियो वाहन डिलीवरी के लिए प्रयागराज गए थे। डिलीवरी पूरी करने के बाद वह एक अन्य कंटेनर के साथ प्रयागराज से वापस लौट रहे थे।
अमरपाटन बायपास के पास पहुंचने पर उन्होंने कंटेनर सड़क किनारे खड़ा कर दिया। कुछ देर बाद जब कंपनी के फोन कॉल का जवाब नहीं मिला, तो प्रबंधन ने साथ चल रहे दूसरे कंटेनर चालक को वापस भेजकर स्थिति जांचने को कहा। मौके पर पहुंचे चालक ने देखा तो मुकेश का शव कंटेनर के बाहर फंदे पर लटका हुआ था। उसने तुरंत अमरपाटन पुलिस को सूचना दी। अमरपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को फंदे से उतारा और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के एंगल के साथ-साथ अन्य संभावित पहलुओं से भी गहन जांच कर रही है।
