धार। भोजशाला विवाद में फिर नया मोड़ सामने आया है। हिंदू संगठनों की अपील के बाद आज आधे दिन के लिए धार बंद रखा गया है। सुबह से ही शहर के मुख्य बाजार और दुकानों में सन्नाटा पसरा है। हिंदू संगठनों का आरोप है की हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी प्रशासन की और से उसका अपेक्षित तरीके से पालन नहीं कराया जा रहा है। इसी मामले को लेकर समाज के लोगो ने आज बंद आह्वान किया है। संगठन ने व्यापारियों और आम लोगो से बंद में सहयोग की अपील की थी।
क्या है पूरा विवाद
भोजशाला मामले में नया विवाद हिन्दू मुस्लिम पक्ष द्वारा एक ही रास्ते का इस्तेमाल और सीमा तय ना होने को लेकर है। दरअसल भोजशाला के पास प्रत्येक शुक्रवार हो रही जुमे की नमाज़ की व्यवस्था समाप्त करने की मांग हिन्दू पक्ष कर रहा है। इसी मुद्दे को लेकर हिन्दू पक्ष ने पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग पर भी आरोप लगाए हैं। हिन्दू पक्ष का कहना है कि जुमे की नमाज को लेकर उनकी आपत्ति है। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भोजशाला के पीछे खसरा नंबर 612 पर मुस्लिम समुदाय के लिए नमाज की व्यवस्था की गई है।
बाजारों में पसरा सन्नाटा
बंद के चलते शहर के प्रमुख क्षेत्रों में हलचल कम नजर आई। हिन्दू समाज के लोगों ने बाजार पहुंचकर व्यापारियों और दुकानदारों से दुकान बंद रखने का अनुरोध किया। हालाँकि स्कूल-कॉलेज, हॉस्पिटल और अन्य आवश्यक सेवाएं सुचारू रूप से चालू है। बंद देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि बंद के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
रैली के माध्यम से पहुचे कलेक्ट्रेट
हिंदू समाज के लोगों ने विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किए है। प्रदर्शनकारी लालबाग मैदान में एकत्रित हुए और वहां से एक रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और मांग पत्र का ज्ञापन अधिकारियों को सौपे है। बंद के दौरान शहर में शांति व्यवस्था बनी रही।

