Site iconSite icon SHABD SANCHI

CG News: पत्नी को प्रेमी संग देख भड़का पति, कुल्हाड़ी से गला काटकर की हत्या

Dhamtari Love Affair Murder: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पत्नी को उसके कथित प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि महिला और मृतक की पहचान करीब एक साल पहले रॉन्ग नंबर के जरिए हुई थी, जो बाद में कथित प्रेम संबंध में बदल गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

Dhamtari Love Affair Murder: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी को उसके कथित प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। गुस्से में उसने कुल्हाड़ी से हमला कर प्रेमी की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

रॉन्ग नंबर से शुरू हुई दोस्ती, फिर बना प्रेम संबंध

पुलिस के मुताबिक, केरेगांव थाना क्षेत्र के बाजार कुर्रीडीह गांव निवासी योगेंद्र सोरी (38) अपनी पत्नी पूर्णिमा सोरी और दो बेटियों के साथ रहता है। करीब एक साल पहले पूर्णिमा की मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के दलौदा तहसील निवासी शंकर सूर्यवंशी (40) से रॉन्ग नंबर के जरिए बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई।

पत्नी ने प्रेमी को रिश्तेदार बताकर घर में ठहराया

पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले पूर्णिमा अपनी दोनों बेटियों के साथ शंकर के घर मंदसौर भी गई थी, जहां वह चार से पांच दिन रुकी थी। इसके बाद 8 जुलाई की शाम शंकर एक बार फिर धमतरी पहुंचा। पूर्णिमा ने उसे अपना रिश्तेदार बताकर घर में ही ठहराया। रात में परिवार के सभी सदस्य और शंकर ने साथ भोजन किया और फिर एक ही हॉल में सो गए।

रात में खुली नींद, फिर हुआ खूनी हमला

बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात करीब तीन बजे योगेंद्र सोरी की नींद खुली। इस दौरान उसने पत्नी और शंकर को कथित तौर पर आपत्तिजनक हालत में देख लिया। यह देखकर वह अपना आपा खो बैठा और घर में रखी कुल्हाड़ी से शंकर के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल शंकर लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

अस्पताल पहुंचने से पहले गई जान

हमले के बाद पूर्णिमा ने घायल शंकर को 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आरोपी पति गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच

केरेगांव थाना पुलिस ने आरोपी योगेंद्र सोरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह पत्नी और मृतक के बीच कथित प्रेम संबंध सामने आए हैं।

Exit mobile version