Demonstration in support of UGC Bill 2026 in Rewa: रीवा में आज ओबीसी, एसटी, एससी संयुक्त मोर्चा द्वारा यूजीसी (प्रमोशन ऑफ इक्विटी इन हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूशंस) रेगुलेशंस 2026 के समर्थन में शुरू हुआ शांतिपूर्ण प्रदर्शन अचानक चक्का जाम में बदल गया। पूर्व सूचना के बावजूद कलेक्टर ज्ञापन लेने नहीं पहुंचीं, जिससे आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टेट कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग जाम कर दिया और धीरे-धीरे पूरा शहर यातायात ठप हो गया।
दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक लगभग चार घंटे सड़क जाम रही, जिसमें कई एंबुलेंस भी फंस गईं। संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने एडीएम, एसडीएम और तहसीलदार सहित किसी भी अधिकारी को ज्ञापन देने से इनकार कर दिया और केवल कलेक्टर को सौंपने पर अड़े रहे। चार घंटे तक इंतजार के बाद प्रदर्शनकारियों ने प्रतीकात्मक विरोध में कलेक्टर रीवा के नाम एक कुत्ते को पकड़कर ज्ञापन सौंपा और उसके गले में पर्चा बांध दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिल लागू नहीं हुआ तो 14 अप्रैल को बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पूर्व सूचना के बावजूद कलेक्टर न पहुंचने से उन्हें सड़क पर बैठना पड़ा और कहा, “जब कलेक्टर हमारे ज्ञापन को नहीं लेते, तो हमारे अधिकारों की चिंता वे कैसे करेंगे?” एडीएम ने बताया कि कलेक्टर संभागीय आयुक्त के कार्यालय में बैठक में व्यस्त थीं, इसलिए नहीं आ सकीं। उन्होंने जाम लगाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
