नईदिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण लगभग 100 उड़ानें देरी से चलीं। इस संबंध में दिल्ली हवाई अड्डे ने यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। जिसमें कहा गया है कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण, इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों में देरी हो रही है। उनकी टीम डायल सहित सभी हितधारकों के साथ मिलकर इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे उड़ान संबंधी नवीनतम अपडेट के लिए अपनी-अपनी एयरलाइनों के संपर्क में रहें। असुविधा के लिए खेद है।
इस तरह की समस्या
जो जानकारी आ रही है उसके तहत हवाई सेवाओं में आ रही रूकवट के लिए ऑटोमेटिक मैसेज स्विच सिस्टम में गड़बड़ी आना बताया जा रहा है। यह प्लेन के शेड्यूल यानी टेकऑफ और लैंड की जानकारी देता है। एटीएस के अधिकारी पहले से मौजूद डेटा के साथ मैन्युअली फ्लाइट शेड्यूल तैयार कर रहे हैं। इसके चलते कई फ्लाइट्स 50 मिनट तक देरी से उड़ान भर रही है। फ्लाइट ऑपरेशन्स में देरी के कारण दिल्ली एयरपोर्ट ऑथोरिटी समेत प्रमुख एयरलाइन्स, अकासा, एअर इंडिया, स्पाइज जेट, इंडिगो ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि फ्लाइट ऑपरेशन में देरी हो रही है। इसलिए यात्री अपनी फ्लाइट से जुड़े अपडेट चेक करते रहें।
मिल रहे फेक सिग्नल
दिल्ली में पिछले एक हफ्ते से विमानों के जीपीएस सिग्नल में फेक अलर्ट आ रहे हैं। इसके तहत पायलटों को गलत लोकेशन और नेविगेशन डेटा अलर्ट मिल रहे हैं। एयर ट्रैफिक कंट्रोल के सूत्रों के अनुसार दिल्ली के करीब 100 किमी के दायरे में ऐसी घटनाएं सामने आई हैं। इसके लिए जिम्मेदारों को जानकारी दी गई है।

