Site iconSite icon SHABD SANCHI

मऊगंज में भीषण सड़क हादसा, बस और ट्रेलर की टक्कर के बाद साइकिल सवार की मौत, 8 श्रद्धालु घायल

Cyclist dies after bus and trailer collide in MauganjCyclist dies after bus and trailer collide in Mauganj

Cyclist dies after bus and trailer collide in Mauganj

मऊगंज। मऊगंज जिले के पथरिहा-पन्नी मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ पन्नी मोड़ के पास एक तेज रफ्तार बस और ट्रेलर ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना की चपेट में आने से एक साइकिल सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बस में सवार आठ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल यात्री मऊगंज जिले के ही निवासी हैं, जो झारखंड के बाबा बैद्यनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे थे।

देवतालाब शिव मंदिर जल चढ़ाने जा रहे थे श्रद्धालु, अचानक मुड़ा ट्रेलर
पुलिस के मुताबिक, चतुर्वेदी ट्रैवल्स की बस (क्रमांक UP-75-AT-7622) श्रद्धालुओं को लेकर लौट रही थी और शनिवार सुबह सभी यात्री देवतालाब शिव मंदिर में जल चढ़ाने जा रहे थे। इसी दौरान पन्नी मोड़ के पास आगे चल रहा ट्रेलर (क्रमांक MP-65-GA-1199) अचानक सीतापुर की ओर मुड़ गया। बस चालक ने गाड़ी को काबू करने की कोशिश की, लेकिन बस सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे साइकिल से जा रहे सोभनाथ तिवारी (निवासी बेला रामपुर, थाना लौर) को कुचलते हुए आगे निकल गया।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम, फरार ट्रेलर पुलिस के कब्जे में
हादसे के बाद आरोपी ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल मऊगंज पहुंचाया गया। जहाँ गंभीर रूप से घायल साइकिल सवार सोभनाथ तिवारी को प्राथमिक उपचार के बाद रीवा रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बस में सवार घायल यात्रियों में रामसिया पांडे, सत्य प्रकाश पांडे, रामायण प्रसाद पांडे, अन्नू तिवारी, संजय दुबे, बृजेश कुमार कोल, उर्मिला कोल और शांति कोल शामिल हैं, जिनका इलाज मऊगंज अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए फरार ट्रेलर को रतनगवां के पास से जब्त कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version