श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् का पूरा संस्करण गाया गया। इसका वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने आपत्ति जताई और इसको लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया।
कांग्रेस ने वंदे मातरम् के उस संस्करण को गाने की बात कही, जिसे पार्टी ने अपने कार्यक्रमों के लिए तय किया है। वहीं, नेशनल कॉन्फ्रेंस ने कांग्रेस के इस रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि गठबंधन सहयोगी को यह निर्देश नहीं दिया जा सकता कि वह राष्ट्रगीत कितना गाए और कितना नहीं।
कांग्रेस बोली- नेशनल कॉन्फ्रेंस अपना रुख साफ करे
वंदे मातरम् का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने नेशनल कॉन्फ्रेंस से अपना रुख साफ करने को कहा। उन्होंने कहा कि गठबंधन सहयोगी के तौर पर नेशनल कॉन्फ्रेंस को कांग्रेस के साथ खड़ा रहना चाहिए।
वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस की ओर से तय किए गए वंदे मातरम् के दो पैरा के संस्करण को ही गाया जाना चाहिए। उन्होंने पूरे या अलग संस्करण को लेकर आपत्ति जताते हुए इसे राष्ट्रगीत को अलग रंग देने की कोशिश बताया।
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने कहा- अपनी पसंद से गाने का अधिकार
कांग्रेस की आपत्ति पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता बशीर अहमद ने कहा कि कांग्रेस यह तय नहीं कर सकती कि उसका गठबंधन सहयोगी वंदे मातरम् कितना गाएगा। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को कितना गाना है, यह उसकी पसंद पर निर्भर करता है।
बशीर अहमद ने कहा कि केसी वेणुगोपाल को ट्वीट करने और अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन वह अपनी शर्तें गठबंधन सहयोगियों पर नहीं थोप सकते।
कांग्रेस कार्यक्रमों में दो पैरा ही गाए जाएंगे
कांग्रेस ने अपने कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के छह पैरा में से दो पैरा गाने का फैसला किया है। यह निर्णय कांग्रेस वर्किंग कमिटी की ओर से लिया गया था। दरअसल, बीजेपी लगातार कांग्रेस नेताओं पर पार्टी कार्यक्रमों में वंदे मातरम् का पूरा संस्करण नहीं गाने का आरोप लगाती रही है। बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रगीत का पूरा संस्करण नहीं गाकर इसका अपमान किया है। इसी विवाद के बीच कांग्रेस ने अपने कार्यक्रमों में दो पैरा गाने का निर्णय लिया है।
बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस के बीच विवाद के बाद बीजेपी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। बीजेपी ने कांग्रेस के रुख की तुलना मुस्लिम लीग से करते हुए उस पर राष्ट्रगीत को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया।

