Site iconSite icon SHABD SANCHI

सीएम योगी का बड़ा ऐलान, साढ़े तीन लाख से ज्यादा लोगो को मिलेगा लाभ

यूपी। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम पोषण योजना से जुड़ी रसोइयों के लिए चार बड़ी घोषणाएं कीं। रविवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित रसोइया सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने रसोइयों का मानदेय बढ़ाकर 3 हजार रुपए प्रतिमाह करने का ऐलान किया। इसके साथ ही दुर्घटना होने पर 2 लाख रुपए की तत्काल सहायता, 5 लाख रुपए तक कैशलेस इलाज की सुविधा और साड़ी के लिए मिलने वाली राशि को 500 रुपए से बढ़ाकर 1 हजार रुपए करने की घोषणा की। कार्यक्रम में सीएम योगी ने 11 रसोइयों को मंच पर सम्मानित किया और उन्हें बढ़े हुए मानदेय का चेक, कैशलेस हेल्थ कार्ड और सुरक्षा किट प्रदान की। समारोह में प्रदेशभर से करीब 1500 रसोइयों को बुलाया गया था।

3 लाख 53 हजार से अधिक रसोइयों को मिलेगा लाभ

सीएम योगी ने कहा कि रसोइया सिर्फ बच्चों का पेट भरने के लिए भोजन तैयार नहीं करता, बल्कि उनके पोषण और स्वस्थ भविष्य की नींव तैयार करता है। उन्होंने बताया कि सरकार ने पहले रसोइयों का मानदेय 1 हजार से बढ़ाकर 2 हजार रुपए किया था और अब इसे बढ़ाकर 3 हजार रुपए कर दिया गया है। इस फैसले का लाभ उत्तर प्रदेश के 3 लाख 53 हजार से अधिक रसोइयों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की स्थिति में अब बेसिक शिक्षा परिषद और स्टेट बैंक के सहयोग से रसोइयों के खातों में 2 लाख रुपए की तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा कैशलेस चिकित्सा सुविधा के तहत रसोइये इंपैनल्ड अस्पतालों में 5 लाख रुपए तक का इलाज करा सकेंगे।

इन बीमारियों में मिलेगा ईलाज

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैशलेस योजना के तहत रसोइयों और उनके परिवार को गंभीर बीमारियों समेत 1900 से अधिक बीमारियों के इलाज की सुविधा मिलेगी। इसमें कैंसर, हृदय रोग, किडनी की बीमारी और बड़ी सर्जरी जैसे उपचार शामिल हैं। योजना के तहत ख्6, अस्पताल में भर्ती होने से लेकर दवाइयों, इलाज और डिस्चार्ज तक का खर्च सरकार उठाएगी। उन्होंने कहा कि एलपीजी की व्यवस्था होने से रसोइयों को लकड़ी और कोयले के धुएं से भी राहत मिली है। सीएम ने रसोइयों से स्कूल की रसोई को साफ-सुथरा रखने और तय मेन्यू के अनुसार बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि भोजन में लापरवाही से फूड पॉइजनिंग जैसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए और रसोई में अनधिकृत लोगों का प्रवेश भी रोका जाना जरूरी है।

सपा पर साधा निशाना

समारोह के दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार में जमीनों पर कब्जे होते थे और बेटियों की सुरक्षा को लेकर भी खतरा रहता था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश दंगा मुक्त हुआ है और आधी आबादी को सुरक्षा की गारंटी मिली है। योगी ने कहा कि उनकी सरकार लगातार 18 घंटे काम करती है और योजनाओं पर चर्चा के बाद उनके परिणाम सामने आते हैं। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग दोपहर में उठकर शाम को जिम जाते थे, उनसे प्रदेश के विकास के बारे में सोचने की उम्मीद कैसे की जा सकती है।

सीएम ने कहा पूर्व सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को किया था चौपट

मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी पिछली सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश शुरू से ही शिक्षा की भूमि रहा है, लेकिन सपा सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को खराब किया और नकल को बढ़ावा दिया। उन्होंने ख्12, कहा कि 2017 से पहले परीक्षाएं कराने में तीन महीने और परिणाम जारी करने में भी तीन महीने लग जाते थे, जबकि अब 14 दिन में परीक्षा और 14 दिन में परिणाम जारी किए जा रहे हैं। योगी ने कहा कि सरकार ने छह महीने में होने वाला काम अब एक महीने में पूरा करने की व्यवस्था बनाई है। उन्होंने जर्जर स्कूल भवनों को लेकर कहा कि कुछ लोग जिन स्कूलों को दिखा रहे हैं, वे पिछली सरकारों के समय बनाए गए थे और अब उनकी जगह नए भवन बनाने का काम किया जा रहा है।

Exit mobile version