भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार और प्रदेश के मुखिया मोहन यादव वर्ष 2026 को कृषि कल्याण वर्ष के रूप में मनाने जा रहे हैं। 11 जनवरी को भोपाल में इसकी शुरूआत ट्रैक्टर रैली से होने जा रही है। पहले चरण में भोपाल-इंदौर बायपास पर किसानों की विशाल रैली निकाली जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री स्वयं शामिल होंगे। इसके बाद जम्बूरी मैदान में किसान सम्मेलन आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री कृषि वर्ष 2026 की औपचारिक घोषणा करेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से भोपाल-इंदौर बायपास स्थित एक निजी कॉलेज परिसर में उतरेंगे। यहां से वे सीधे किसानों की रैली में शामिल होंगे और ट्रैक्टर रैली के साथ जम्बूरी मैदान तक पहुंचेंगे। आयोजन स्थल तक मुख्यमंत्री का किसानों के साथ सड़कों पर उतरना सरकार की किसान केंद्रित नीति का बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक संदेश माना जा रहा है। यह इसलिए भी किया जा रहा है कि इस वर्ष किसानों और कृषि पर सरकार को पूर्व से ज्यादा फोकस होगा। रैली में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए किसान अपने- अपने ट्रैक्टरों के साथ हिस्सा लेंगे।
सीएम बताएंगे कृषि वर्ष 2026 का रोडमैप
जम्बूरी मैदान में होने वाले किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कृषि वर्ष 2026 को लेकर सरकार की रूपरेखा प्रस्तुत कर सकते हैं। सम्मेलन में मुख्यमंत्री सरकार के आगामी तीन वर्षों के कृषि और कृषकों पर आधारित लक्ष्य भी सार्वजनिक कर सकते हैं। इन लक्ष्यों का मुख्य फोकस किसानों की आय में वृद्धि, आधुनिक कृषि तकनीकों के विस्तार, कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन पर रहेगा। सम्मेलन में प्राकृतिक खेती, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, फसल विविधीकरण और मूल्य संवर्धन जैसे विषयों पर भी सरकार की योजनाओं का खाका रखा जा सकता। इस मौके पर मुख्यमंत्री किसानों से सीधा संवाद भी कर सकते हैं।
इंदौर में कांग्रेस भरेगी हूंकर
ज्ञात हो कि 11 जनवरी को एमपी सरकार और विपक्ष के दो बडे़ कार्यक्रम हों रहे है। इंदौर में दूषित जलकांड के विरोध में कांग्रेस न्याय यात्रा का आयोजन करने जा रही है तो भोपाल में सीएम डॉ मोहन यादव कृषि कल्याण वर्ष 2026 की शुरुआत करेंगे, यानि की सत्ता और विपक्ष दोनों रविवार को सड़कों पर नजर आएगा।

