भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बुरहानपुर का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, उसने डायल 112 पर मैसेज भेजकर मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दी थी।
पिता को गिरफ्तार करवाने के लिए भेजा था धमकी भरा मैसेज
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने पिता से परेशान होकर यह मैसेज भेजा था। उसका इरादा अपने पिता को गिरफ्तार करवाना था। आरोपी को लगा कि मुख्यमंत्री को धमकी देने के बाद पुलिस उसके पिता को पकड़ लेगी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 23 सितंबर की सुबह करीब 11:30 बजे डायल 112 पर मैसेज भेजा था। उसने मैसेज को एक बार में नहीं, बल्कि दो बार एडिट किया। इसके बाद उसने मैसेज डिलीट कर दिया।
हालांकि, आरोपी के मैसेज डिलीट करने से पहले ही डायल 112 के कर्मचारियों ने उसका स्क्रीनशॉट ले लिया था। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची और क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की।
बुरहानपुर से गिरफ्तार कर भोपाल लाई पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे बुरहानपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के मुताबिक, आरोपी ने अपने पिता से परेशान होकर यह कदम उठाया था। उसे लगा था कि मुख्यमंत्री को धमकी देने का मैसेज भेजने पर उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी पहले रेलवे में बिना टिकट यात्रा करने के मामले में पकड़ा जा चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपी को भोपाल लेकर आई है और उससे पूछताछ की जा रही है।

