सीएम बिजिट। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश और राजस्थान जुड़वा भाइयों की तरह हैं। दोनों राज्य मिलकर विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत तैयार कर रहे हैं। हम सिर्फ विरासतों और विविधताओं के ही नहीं, आर्थिक दृष्टि से भी एक-दूसरे के स्वाभाविक साझेदार हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को जयपुर में आयोजित ’इन्टरेक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश’ में राजस्थान के निवेशकों को संबोधित कर रहे थे।
एमपी और राजस्थान तैयार कर सकते है सशक्त वैल्यू चैन
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राजस्थान का विकसित टेक्सटाइल, जेम्स-एंड-ज्वेलरी और मध्यप्रदेश की ऑर्गेनिक कॉटन उत्पादन क्षमता, टेक्सटाइल पार्क एवं मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम मिलकर एक सशक्त वैल्यू चैन तैयार कर सकते हैं। मध्यप्रदेश और राजस्थान के बीच पार्वती-कालीसिंध-चंबल राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। ये परियोजना दोनों राज्यों की तस्वीर और तकदीर बदलेगी।
मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों के साथ की वन-टू-वन चर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जयपुर में आयोजित ’इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश’ सत्र में विभिन्न उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन मीटिंग भी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजस्थान एंजल्स के अध्यक्ष महावीर प्रताप शर्मा, महिंद्रा लाइफ साइंसेज के हेड अनुज बिंदल, इन्सोलेशन एनर्जी के चेयरमैन मनीष गुप्ता, फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड एण्ड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, प्रताप ग्रुप के मैनेजिंग डॉयरेक्टर देवेन्द्र सिंह शेखावत, डीजीएस ट्रांस लॉजिस्टिक्स के डॉयरेक्टर सौरभ खंडेलवाल, अक्षय इन्फ्रासिस इंडस्ट्रीज के मैनेजिंग डॉयरेक्टर अक्षय हाड़ा, प्लास्टिक मेन्युफैक्चर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्रवण शर्मा, हॉस्पिटेलिटी एवं टूरिज्म एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश खंडेलवाल और मैजेस्टिक बासमती राइस प्रा.लि. के डॉयरेक्टर विज्ञान लोढ़ा से वन-टू-वन चर्चा कर उन्हें मध्यप्रदेश में निवेश के लिये आमंत्रित किया।

