Site iconSite icon SHABD SANCHI

Rewa News : अंडरवियर में छिपाकर ब्रांडेड कपड़े उड़ाता था सेल्समैन, शातिर कर्मचारी की करतूत CCTV में कैद

Clothes stolen by hiding them in underwear in RewaClothes stolen by hiding them in underwear in Rewa

Clothes stolen by hiding them in underwear in Rewa

रीवा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रकाश चौराहे से चोरी का एक बेहद ही अजीबोगरीब और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक नामी रेडीमेड कपड़ों की दुकान में काम करने वाले कर्मचारी ने ही अपने मालिक के भरोसे का कत्ल करते हुए लाखों के ब्रांडेड कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया। पकड़े जाने के डर से आरोपी कर्मचारी चोरी के कपड़ों को अपनी अंडरवियर में छिपाकर दुकान से बाहर ले जाता था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

ऐसे देता था वारदात को अंजाम

जानकारी के मुताबिक, प्रकाश चौराहे पर स्थित जितेंद्र खुवानी की रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान में आशीष सिंह नाम का युवक सेल्समैन के तौर पर काम करता था। आरोपी बेहद शातिराना तरीके से दुकान के सबसे महंगे शर्ट, कुर्ते और ब्लेजर को चुनता और अन्य कर्मचारियों की नजर बचाकर उन्हें अपनी अंडरवियर के अंदर ठूंस लेता था। इसके बाद वह किसी न किसी बहाने से दुकान से बाहर निकलता और उन कपड़ों को सुरक्षित स्थान पर ठिकाने लगा देता था।

CCTV फुटेज ने खोला राज

पिछले काफी समय से दुकान के स्टॉक में लगातार कमी आ रही थी, जिससे मालिक जितेंद्र खुवानी परेशान थे। संदेह होने पर जब उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक की, तो उनके होश उड़ गए। फुटेज में साफ दिखा कि आरोपी आशीष 15 अप्रैल से लगातार इसी तरह चोरी कर रहा था। चोरी का खुलासा होते ही आरोपी ने न केवल नौकरी छोड़ दी, बल्कि पुलिस में शिकायत करने पर मालिक को जान से मारने की धमकी भी दे डाली।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

दुकान मालिक की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष सिंह को हिरासत में लिया। थाना प्रभारी निशा मिश्रा ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और बताया कि लालच के चक्कर में उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद से व्यापारिक क्षेत्रों में सुरक्षा और कर्मचारियों पर निगरानी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Exit mobile version