Site iconSite icon SHABD SANCHI

मैहर के सरकारी स्कूल में क्लासरूम बना टॉकीज: स्मार्ट टीवी पर छात्रों को दिखाई ‘A’ सर्टिफिकेट वाली फिल्म

Classroom turns into a movie theatre at a government school in Maihar.Classroom turns into a movie theatre at a government school in Maihar.

Classroom turns into a movie theatre at a government school in Maihar.

मैहर। मैहर जिले के एक शासकीय स्कूल में शैक्षणिक संसाधनों के दुरुपयोग का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अमरपाटन तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कठहा के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में डिजिटल शिक्षा के लिए लगाए गए स्मार्ट टीवी पर छात्र-छात्राओं को बिना किसी अनुमति के फिल्म ‘धुरंधर’ दिखाई गई। मामला उजागर होने और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

यह पूरी घटना 31 जुलाई की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राएं क्लासरूम में बैठकर बड़ी एलईडी स्क्रीन पर फिल्म देखने में मग्न हैं। यही नहीं, क्लास में मौजूद अतिथि शिक्षक हंसराज सिंह पटेल भी बच्चों के साथ बैठकर फिल्म का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) द्वारा फिल्म ‘धुरंधर’ को ‘A’ (एडल्ट्स ओनली) सर्टिफिकेट दिया गया है, जिसे 18 वर्ष से कम उम्र के नाबालिगों को दिखाना नियम विरुद्ध है।

स्कूल परिसर में घटित इस लापरवाही पर स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ा ऐतराज जताया है। ग्रामीण निशांत तिवारी ने इस मामले को अति संवेदनशील बताते हुए तुरंत ‘मुख्यमंत्री हेल्पलाइन’ में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बच्चों को आधुनिक व डिजिटल शिक्षा देने के उद्देश्य से लाखों रुपये खर्च कर एलईडी स्क्रीन लगवाई है, लेकिन स्कूल स्टाफ द्वारा इसका इस्तेमाल पढ़ाई के बजाय मनोरंजन और नियमों की धज्जियां उड़ाने के लिए किया जा रहा है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी शिक्षकों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।

मामला मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए तूल पकड़ने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) सलोनी शर्मा ने संज्ञान लिया है। डीईओ ने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो की विभागीय जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे और जिनकी भी लापरवाही सिद्ध होगी, उनके खिलाफ नियमों के तहत कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version